यूएई: दिल का दौरा पड़ने से प्रख्यात भारतीय नृत्यांगना दीपा नायर का निधन
उनके परिवार ने यह जानकारी दी।
दुबई, पांच मई प्रख्यात भारतीय शास्त्रीय नृत्यांगना दीपा नायर का रविवार को यहां अल नाहदा स्थित उनके आवास पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।
उनके परिवार ने यह जानकारी दी।
नायर 47 वर्ष की थीं और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में सांस्कृतिक जगत की हस्तियों में विशेष स्थान रखती थीं।
खलीज टाइम्स अखबार की खबर के अनुसार, नायर केरल की रहने वाली थीं और स्वतंत्र रूप से इवेंट मैनेजर के रूप में काम करती थीं।
अखबार के अनुसार, दीपा नायर के पति सूरज मूसद ने कहा, “अगर कोरोना वायरस फैलने का यह दौर नहीं होता तो हमें लगता है कि वह बच सकती थीं।”
अखबार के अनुसार मूसद ने कहा, “उन्हें उदर में सूजन की बीमारी थी जिसकी 2011 में सर्जरी हुई थी। इसके बाद उन्हें लगातार समस्या होती रहती थी। रविवार की सुबह तबियत बिगड़ने के बाद हम उन्हें दुबई के एक अस्पताल में लेकर गए जहां हमें बताया गया कि कोविड-19 के 140 मरीज पहले से भर्ती हैं और नायर के शरीर की प्रतिरोधक क्षमता भी कमजोर है इसलिए उन्हें वहां भर्ती करना ठीक नहीं होगा।”
अखबार में प्रकाशित खबर के अनुसार, नायर के परिजन उन्हें दूसरे अस्पताल ले गए जहां बताया गया कि बहुतायत में कोविड-19 के मरीजों को भर्ती किए जाने के कारण बिस्तर खाली नहीं थे।
इसके बाद नायर को एक अन्य क्लीनिक में ले जाया गया जहां उन्हें भर्ती कर दर्द निवारक दवाई दी गई और अगले दिन छुट्टी दे दी गई।
अखबार के मुताबिक, मूसद ने बताया कि घर वापस आने के बाद भी नायर की तबियत ठीक नहीं हुई और रविवार को शाम चार बजे दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2020 05:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

