J&K: पुलवामा में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर समेत दो आतंकवादी ढेर
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सोमवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के एक स्वयंभू कमांडर समेत दो आतंकवादी मारे गए। पुलिस ने यह जानकारी दी
श्रीनगर, तीन जून जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सोमवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के एक स्वयंभू कमांडर समेत दो आतंकवादी मारे गए. पुलिस ने यह जानकारी दी.
अधिकारियों ने बताया कि आतंकवाद रोधी अभियान रविवार रात पौने 12 बजे शुरू हुआ जब आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सेना और अर्धसैनिक बलों के साथ मिलकर पुलवामा जिले के निहामा इलाके में एक घर की घेराबंदी की. उन्होंने बताया कि जब आतंकवादियों ने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया तो दो आतंकवादियों के साथ सोमवार सुबह सात बजे मुठभेड़ शुरू हो गई जिनकी पहचान रियाज डार उर्फ 'सथर' और रईस डार के रूप में हुई. यह भी पढ़ें: पुलवामा में घिरे लश्कर के दो टॉप कमांडर, पिछले कई घंटों से जारी है मुठभेड़
उन्होंने बताया कि अभियान का निरीक्षण पुलिस उपमहानिरीक्षक (दक्षिण कश्मीर) अल्ताफ खान ने किया और इस दौरान यह सुनिश्चित करने के लिए एहतियात बरता गया कि किसी भी आम नागरिक को कोई नुकसान न पहुंचे या उसकी जान न जाए.
पुलिस के अनुसार, दोपहर में गोलीबारी तेज हो गई जिसके बाद जिस घर में दोनों आतंकवादी छुपे हुए थे, उसमें आग लग गई. दोनों आतंकवादियों के शव बरामद होने के बाद शाम चार बजे अभियान खत्म कर दिया गया.
रियाज डार 2014 में लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था और उसने मारे गए पाकिस्तानी आतंकवादियों अबू दुजाना और अबू इस्माइल के साथ मिलकर घटनाओं को अंजाम दिया था. उसने कई आतंकी गतिविधियों में हिस्सा लिया था. रियाज पर 10 लाख रुपये से अधिक का नकद इनाम था, जबकि रईस डार को पर पांच लाख रुपये का नकद इनाम था.
सात मई को पुलिस को एक बड़ी सफलता तब मिली थी जब उसने लश्कर-ए-तैयबा के एक छद्म समूह, प्रतिबंधित द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के स्वयंभू कमांडर बासित डार को मार गिराया.
वह और एक अन्य आतंकवादी मोमीन कुलगाम के रेडवानी गांव में मुठभेड़ में मारे गए. दोनों आतंकवाद से जुड़े 18 मामलों में शामिल थे, जिनमें अल्पसंख्यकों और पुलिसकर्मियों को निशाना बनाना शामिल था.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 03, 2024 10:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

