देश की खबरें | जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में मुठभेड़ में लश्कर के कमांडर सहित दो आतंकवादी ढेर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर सहित दो आतंकवादी मारे गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
श्रीनगर, 19 जुलाई जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर सहित दो आतंकवादी मारे गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इश्फाक डार उर्फ अबू अकरम न सिर्फ सुरक्षा बलों पर हमलों के लिए बल्कि आम नागरिकों की हत्याओं के लिए भी जिम्मेदार था। पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने रविवार रात को दक्षिण कश्मीर के चेक-ए-सिदिक खान इलाके में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान आतंकवादियों की मौजूदगी की पुष्टि होने पर उन्हें बार-बार आत्मसमर्पण का अवसर दिया गया, लेकिन उन्होंने सुरक्षा बलों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिसका सुरक्षाकर्मियों ने भी जवाब दिया। इसके बाद तलाश अभियान मुठभेड़ में तब्दील हो गया।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के दो आतंकवादी मारे गए, जिनके शव मुठभेड़ स्थल से बरामद किए गए। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिलबाग सिंह ने बताया कि मारे गए आतंकवादियों में से एक की पहचान लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर इश्फाक डार उर्फ अबू अकरम के रूप में हुई है। 2017 से पुलिस, सुरक्षा बलों तथा आम नागरिकों की हत्या सहित कई आतंकवादी घटनाओं में वह लिप्त था। दूसरे आतंकवादी की पहचान माजिद इकबाल के तौर पर हुई है।
डार शोपियां के हफ्शीरमल का रहना वाला था, जबकि भट शोपियां के मेलीबाग इमामसाहब का निवासी था। प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मारे गए आतंकवादी विभिन्न आतंकी वारदातों में शामिल संगठनों का हिस्सा थे और उनके खिलाफ ऐसे कई मामले दर्ज थे। उन्होंने बताया, ‘‘डार वांछित आतंकवादियों की सूची में शामिल था और इसके अलावा कई आतंकी वारदातों में शामिल संगठनों से जुड़ा था। उसने सुरक्षा प्रतिष्ठानों, आम नागरिकों की हत्याओं, आतंकवादी हमलों की साजिश रचने और उन्हें अंजाम देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और भोले-भाले युवाओं को आतंकवादी समूहों में शामिल होने के लिए प्रेरित कर उन्हें गुमराह किया।’’
प्रवक्ता ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद, दो एके -47 राइफल और आठ मैगजीन जब्त की गई। उन्होंने बताया कि कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) विजय कुमार ने पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम को पेशेवर तरीके से सफल अभियान चलाने और बिना किसी क्षति के वांछित आतंकवादी को ढेर करने के लिए बधाई दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2021 04:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

