एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल गिरोह के दो शूटर गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब पुलिस के गैंगस्टर रोधी कार्यबल ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल एक गिरोह के दो मुख्य शूटर को शुक्रवार को गिरफ्तार किया।

देश की खबरें | सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल गिरोह के दो शूटर गिरफ्तार

चंडीगढ़, 16 सितंबर पंजाब पुलिस के गैंगस्टर रोधी कार्यबल ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल एक गिरोह के दो मुख्य शूटर को शुक्रवार को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान बटाला निवासी मनदीप सिंह उर्फ तूफान (24) और अमृतसर निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ मनी रय्या (30) के तौर पर हुई है। पंजाब पुलिस को हत्या, डकैती, रंगदारी, मादक पदार्थ एवं हथियारों की तस्करी के विभिन्न मामलों में उनकी तलाश थी।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि दोनों को अमृतसर से गिरफ्तार किया गया है।

यादव ने कहा कि वे जग्गू भगवानपुरिया-लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के मुख्य शूटर हैं जो न सिर्फ गैंगस्टर राणा कंडोवालिया की सनसनीखेज हत्या मामले में वांछित थे, बल्कि अतीत में मूसेवाला को कत्ल करने के लिए भी योजना बना चुके थे।

सिद्धू मूसेवाला के नाम से मशहूर शुभदीप सिंह सिद्धू की 29 मई को मानसा जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

मानसा की एक अदालत में पिछले महीने दायर 1,850 पन्नों के आरोप पत्र में पुलिस ने कहा कि गैंगस्टर गोल्डी बरार, हत्याकांड का मास्टरमाइंड है और उसने हत्या को अंजाम देने के लिए जग्गू भगवानपुरिया, लॉरेंस बिश्नोई और अन्य के साथ मिलकर काम किया।

यादव ने कहा कि मनदीप और मनप्रीत को खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियान में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने उनके पास से चार उन्नत पिस्तौल बरामद की हैं जिनमें .30 कैलिबर की चीनी पिस्तौल, .45 कैलिबर की पिस्तौल, तौरुस अमेरिकी पिस्तौल और एक .357 कैलिबर की रिवॉल्वर शामिल है। इसी के साथ 36 कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

डीजीपी ने कहा कि दोनों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस को मोहाली में राज्य पुलिस के खुफिया मुख्यालय पर राकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी) से किए गए आतंकी हमले को लेकर भी अहम सुराग मिले हैं।

वे आरपीजी हमले के मुख्य आरोपी गैंगस्टर दीपक झज्जर और देवयांशु के साथ थे।

यादव ने कहा कि उन्हें पहले मूसेवाला की हत्या का जिम्मा सौंपा गया था।

डीजीपी ने कहा, “ उन्होंने गैंगस्टर कपिल पंडित और सचिन थापन के साथ फरवरी 2022 में मूसेवाला के गांव में दो या तीन बार टोह ली थी और पहचान बदलने के लिए पुलिस की वर्दी की भी व्यवस्था की थी, लेकिन बार-बार प्रयास करने के बावजूद काम पूरा करने में विफल रहे।”

उन्होंने कहा कि जांच से यह भी पता चला है कि गोल्डी बरार और बिश्नोई ने सिद्धू मूसेवाला की जान लेने के लिए दो अलग-अलग टीम भेजी थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 16, 2022 08:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).