मुख्यमंत्री शिंदे के सियासी गुरु दिघे की तस्वीर के सामने पैसों की बरसात करने पर दो शिवसेना पदाधिकारी बर्खास्त
शिवसेना ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सियासी गुरु दिवंगत आनंद दिघे की तस्वीर के सामने कुछ लोगों के नाचने और नोट बरसाने का वीडियो सामने आने के बाद पार्टी की ठाणे इकाई के दो पदाधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है.
ठाणे, 15 सितंबर : शिवसेना ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सियासी गुरु दिवंगत आनंद दिघे की तस्वीर के सामने कुछ लोगों के नाचने और नोट बरसाने का वीडियो सामने आने के बाद पार्टी की ठाणे इकाई के दो पदाधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है. यह घटना 12 सितंबर को गणेश उत्सव के समय की है.
एक वीडियो में कुछ स्थानीय पार्टी कार्यकर्ता आनंद आश्रम में दिघे की तस्वीर के सामने नाचते और पैसे बरसाते नजर आ रहे हैं. दिघे आनंद आश्रम से शिवसेना की ठाणे इकाई का संचालन करते थे. इस वीडियो की क्लिप बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. मुख्यमंत्री शिंदे और ठाणे से सांसद नरेश म्हास्के ने इस घटना को लेकर नाराजगी जताई और इसे ‘‘बेहद अप्रिय’’ बताया. उन्होंने कहा कि दिघे जिस सम्मानजनक तरीके से इस प्रकार के उत्सवों को मनाते थे यह घटना उसके विपरीत है. यह भी पढ़ें : आज का मौसम 2024: छत्तीसगढ़ और झारखंड में रेड अलर्ट, बिहार, उड़ीसा और मध्य प्रदेश में भारी बारिश की संभावना
म्हास्के द्वारा शनिवार रात को जारी आदेश के अनुसार इस मामले में पार्टी के दो पदाधिकारियों को बर्खास्त कर दिया गया है. आदेश में बर्खास्त किए गए पदाधिकारियों के पदों के बारे में नहीं बताया गया. शिंदे की पार्टी ने ऐसे समारोहों के दौरान संयमित आचरण की आवश्यकता पर जोर दिया.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 15, 2024 09:56 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

