देश की खबरें | चुपचाप बैठे दो प्रदर्शनकारियों ने अचानक लोकसभा की कार्यवाही बाधित कर दी: प्रत्यक्षदर्शी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा की दर्शक दीर्घा में बुधवार को मौजूद दर्शकों ने कहा कि सदन में कूदने वाले दो प्रदर्शनकारी पहले तो चुपचाप बैठे थे, लेकिन अगले ही पल उन्होंने अपनी हरकत से अचानक निचले सदन की कार्यवाही बाधित कर दी।
नयी दिल्ली, 13 दिसंबर लोकसभा की दर्शक दीर्घा में बुधवार को मौजूद दर्शकों ने कहा कि सदन में कूदने वाले दो प्रदर्शनकारी पहले तो चुपचाप बैठे थे, लेकिन अगले ही पल उन्होंने अपनी हरकत से अचानक निचले सदन की कार्यवाही बाधित कर दी।
सार्वजनिक दीर्घा में बैठे एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि जब कुछ लोकसभा सदस्य प्रदर्शनकारियों का पीछा कर रहे थे, तो उनमें से एक प्रदर्शनकारी ने सदन के अंदर धुएं से भरा एक डिब्बा फेंक दिया।
प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, “दर्शक दीर्घा में बैठे हुए प्रदर्शनकारी कोई नारा नहीं लगा रहे थे और वे अचानक लोकसभा सदन में कूदे।”
उन्होंने कहा, “जैसे ही प्रदर्शनकारी सदन के कक्ष में कूदे, सांसदों ने उन्हें खदेड़ने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों ने वहां धुएं से भरा एक डिब्बा (कनस्तर) भी फेंका। घटना के दौरान, सुरक्षा निर्देशों के अनुसार हमें बाहर निकाला गया।”
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब “सुरक्षा चूक” हुई तब लोकसभा की दीर्घा में लगभग 30 से 40 दर्शक बैठे थे।
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, “ पांच परतों की सुरक्षा के बावजूद संसद के अंदर इस तरह की घटना स्तब्ध करने वाली थी।”
शून्यकाल के दौरान दो व्यक्ति दर्शक दीर्घा से लोकसभा कक्ष में कूद गए और डिब्बा के जरिए धुआं छोड़ दिया। इस दौरान उन्होंने नारे भी लगाए, जिसके बाद सांसदों ने उन्हें पकड़ लिया।
लगभग उसी समय, एक महिला समेत दो व्यक्तियों ने संसद परिसर के बाहर 'तानाशाही नहीं चलेगी' के नारे लगाते हुए कनस्तर से धुआं छोड़ा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)