देश की खबरें | उपमुख्यमंत्री शिंदे की कार को बम से उड़ाने की धमकी के मामले में दो लोग गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई पुलिस ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की कार को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले ई-मेल के सिलसिले में महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मुंबई, 21 फरवरी मुंबई पुलिस ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की कार को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले ई-मेल के सिलसिले में महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, ये ई-मेल किसी गंभीर साजिश के तहत नहीं बल्कि शरारत के इरादे से भेजे गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों की पहचान मंगेश वायल (35) और अभय शिंगणे (22) के रूप में हुई है। दोनों जिले के देउलगांव राजा के देउलगांव माही इलाके के निवासी हैं।
एक अधिकारी के अनुसार, शिंदे की कार को बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल बृहस्पतिवार को महानगर के गोरेगांव और जे जे मार्ग पुलिस थानों को मिले, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
गोरेगांव पुलिस थाने में अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3) - आपराधिक धमकी और 353(2) - सार्वजनिक शरारत के लिए बयान देने के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि मुंबई अपराध शाखा ने भी जांच शुरू की और ई-मेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए तकनीकी विश्लेषण का इस्तेमाल किया।
अधिकारी ने बताया कि अपराध शाखा की एक टीम बुलढाणा पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से इस अपराध में शामिल होने के संदेह में दो लोगों को पकड़ा।
उन्होंने बताया कि वायल ट्रक चालक है जबकि शिंगणे की मोबाइल फोन की दुकान है। उन्होंने बताया कि धमकी भरा ई-मेल वायल के फोन से भेजा गया था, जब फोन शिंगणे की दुकान पर चार्ज हो रहा था।
अधिकारी ने बताया कि दोनों के बीच विवाद हुआ था और संदेह है कि ई-मेल किसी बड़ी साजिश के तहत नहीं बल्कि शरारत के तौर पर भेजा गया था।
उन्होंने कहा कि मामले में जांच जारी है।
अधिकारी ने बताया कि अपराध शाखा ने दोनों आरोपियों को गोरेगांव पुलिस को सौंप दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)