देश की खबरें | अमृतसर में पुलिस अधिकारी के वाहन के नीचे विस्फोटक लगाने के आरोप में दिल्ली से दो लोग गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अमृतसर में एक पुलिस अधिकारी के वाहन के नीचे से विस्फोटक की बरामदगी के एक दिन बाद पंजाब पुलिस ने बुधवार को कहा कि वाहन में विस्फोटक लगाने के दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया।

अमृतसर/चंडीगढ़, 17 अगस्त अमृतसर में एक पुलिस अधिकारी के वाहन के नीचे से विस्फोटक की बरामदगी के एक दिन बाद पंजाब पुलिस ने बुधवार को कहा कि वाहन में विस्फोटक लगाने के दो आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों लोग पंजाब के तरनतारन जिले के पट्टी इलाके के निवासी हैं।

मंगलवार को रंजीत एवेन्यू इलाके में उप-निरीक्षक (एसआई) दिलबाग सिंह के वाहन के नीचे लगाई गई आईईडी बरामद की। कार की सफाई कर रहे कर्मी ने इसे देखने के बाद सूचना दी थी।

पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो अज्ञात लोगों ने वाहन के नीचे विस्फोटक सामग्री रखी थी।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (आंतरिक सुरक्षा) आर. एन. ढोके ने बुधवार को अमृतसर में घटनास्थल का दौरा किया और कहा कि संदिग्धों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

संवाददाताओं से बात करते हुए, ढोके ने कहा कि विस्फोटक का वजन लगभग 2.70 किलोग्राम था, जिसमें आरडीएक्स और एक टाइमर लगा हुआ था। उन्होंने बताया कि मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस इसकी आतंकी पहलू से भी जांच कर रही है। वरिष्ठ अधिकारी इस मामले की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं।

ढोके ने कहा, '' दिलबाग सिंह बेहद क्षमतावान अधिकारी हैं और अतीत में उन्होंने बेहद शानदार काम किया है। हम उनकी सुरक्षा बढ़ाएंगे।'' उन्होंने कहा कि फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि यह आईईडी कहां से आई।

साथ ही कहा, ''लेकिन अभी तक पंजाब में जिस तरह की आईईडी बरामद हुई हैं, वे सभी पाकिस्तान से आई थी।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now