देश की खबरें | अंडमान सहकारी बैंक घोटाले में दो और आरोपी गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अंडमान और निकोबार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड (एएनएससीबीएल) के निदेशक के. सुब्रमण्यम और एक यात्रा संचालक एम. साजिद को ऋण अनियमितता मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पोर्ट ब्लेयर, आठ जुलाई अंडमान और निकोबार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड (एएनएससीबीएल) के निदेशक के. सुब्रमण्यम और एक यात्रा संचालक एम. साजिद को ऋण अनियमितता मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जितेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि दोनों को सोमवार रात गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘मामले में आगे की जांच जारी है। दोनों को दिन में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में पेश किया जाएगा।’’
इस मामले में अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें एएनएससीबीएल के प्रबंध निदेशक के. मुरुगन भी शामिल हैं।
मीणा ने बताया कि सुब्रमण्यम मक्कापहाड़ इलाके के निवासी हैं, जबकि साजिद पोर्ट ब्लेयर के जंगलीघाट क्षेत्र के रहने वाले हैं। दोनों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 15 मई को बैंक के उपाध्यक्ष और कांग्रेस के पूर्व सांसद कुलदीप राय शर्मा के खिलाफ भी ऋण अनियमितता के इसी मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस ने कहा, "जांच के दौरान, हमें एक ड्राइवर (बैंक ऋण घोटाले में एक आरोपी का कर्मचारी), पोर्ट ब्लेयर के चौलदारी में एक चाय की दुकान के मालिक और एक मैकेनिक के बैंक खातों में कुछ पैसे ट्रांसफर होने के बारे में पता चला। हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।"
एक सूत्र ने बताया कि बैंक की प्रबंध समिति पर आरोप है कि उसने ऋण जांच समिति की सिफारिशों और ऋण स्वीकृति के समय सिबिल रिपोर्ट व आवश्यक दस्तावेजों की अनदेखी की।
मामले में गिरफ्तार अन्य लोगों में बैंक कर्मचारी कलैवाणन, अंडमान मॉर्मन इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक बबलू हलदर, ब्लेयर एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक तरुण मंडल और अंडमान ट्रीपी एडवेंचर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अजय मिंज शामिल हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2025 03:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

