देश की खबरें | असम में संदिग्ध रूप से खाद्य विषाक्तता के कारण एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम के सोनितपुर जिले में संदिग्ध रूप से खाद्य विषाक्तता के कारण एक परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गयी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
तेजपुर (असम), 11 जुलाई असम के सोनितपुर जिले में संदिग्ध रूप से खाद्य विषाक्तता के कारण एक परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गयी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
दोनों लोग घर में बना ‘पीठा’ खाने के बाद बीमार पड़ गए थे।
सोनितपुर के जिला आयुक्त अंकुर भराली ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने सोमवार को नाश्ते में ‘पीठा’ खाया था, जिसके बाद 53 वर्षीय निरुपमा देवी बीमार पड़ गयीं।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को जब निरुपमा देवी की हालत बिगड़ गई, तो उन्हें बासेरिया के सरकारी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें ‘हाइपोग्लाइसीमिक’ (रक्त में शर्करा की अत्यधिक कमी) पाया और उन्हें तेजपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी, लेकिन उनकी हालत फिर से बिगड़ गई और बुधवार की आधी रात के आसपास उन्हें दोबारा तेजपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
भराली ने बताया कि मौत का कारण तीव्र आंत्र अवरोध और ‘सेप्टीसीमिया’ बताया गया है।
दूसरी पीड़िता, नौ वर्षीय दीक्षिता को बुधवार को लगातार उल्टी की शिकायत के बाद बासेरिया के सरकारी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था।
जिला आयुक्त ने बताया, ‘‘उन्नत उपचार के लिए उसे गुवाहाटी रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी।’’
भराली ने कहा कि एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम और बासेरिया सरकारी चिकित्सालय के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को मामले की विशेष जांच के लिए मृतकों के घर का निरीक्षण किया।
भराली ने बताया कि जांच के लिए चावल और पानी के नमूने एकत्र किए गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2025 05:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

