देश की खबरें | दिल्ली में जबरन वसूली की कोशिश के मामले में सलमान त्यागी गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिमी दिल्ली के सुभाष नगर इलाके में दो दुकानों के मालिकों से जबरन वसूली के लिए गोलीबारी करने के आरोप में सलमान त्यागी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 22 सितंबर पश्चिमी दिल्ली के सुभाष नगर इलाके में दो दुकानों के मालिकों से जबरन वसूली के लिए गोलीबारी करने के आरोप में सलमान त्यागी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान विष्णु गार्डन के निवासी दीपांशु (21) और तिहाड़ गांव के निवासी मोइनुद्दीन उर्फ सलमान (21) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात को राजौरी गार्डन इलाके में गोलीबारी की दो घटनाएं हुईं।
पुलिस ने कहा कि पहली घटना में दीपांशु और मोइनुद्दीन स्कूटर से सुभाष नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में आए और उसके बाहर गोलीबारी की।
पुलिस के अनुसार पांच मिनट बाद वे दूसरी दुकान पर पहुंचे और वहां गोलियां चलाईं।
पुलिस ने बताया कि पता चला है कि गोलीबारी दोनों दुकानों के मालिकों से 50-50 लाख रुपये की जबरन वसूली को लेकर की गई।
पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई।
विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) रवींद्र सिंह यादव ने कहा कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी व्यक्ति किसी से मिलने के लिए मायापुरी मेट्रो स्टेशन के पास आएंगे, जिसके बाद जाल बिछाकर मोइनुद्दीन को पकड़ लिया गया।
यादव ने बताया कि पीछे की सीट पर बैठे दीपांशु ने गोलियां चलाईं। बाद में उसे भी पैसिफिक मॉल, सुभाष नगर के पास से पकड़ लिया गया।
दीपांशु ने खुलासा किया कि वह सलमान त्यागी का करीबी सहयोगी है, जो इस समय मंडोली जेल में बंद है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)