(तस्वीर सहित)
लुधियाना (पंजाब), सात फरवरी पंजाब में लुधियाना अदालत परिसर के पास मंगलवार को दो गुटों के बीच झड़प में दो लोगों को गोली मार दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
इस झड़प के पीछे दोनों गुटों के बीच पुरानी रंजिश होने का संदेह है।
पुलिस के अनुसार, गुरचरण सिंह अपने मित्र हिमांशु के साथ एक मुकदमे की सुनवाई के लिए अदालत जा रहे थे। गुरचरण को 2020 के अनधिकार प्रवेश के एक मामले में अदालत में पेश होना था, जो मॉडल टाउन पुलिस थाने में जसप्रीत सिंह के खिलाफ दर्ज कराया गया था।
पुलिस ने बताया कि उनकी जसप्रीत के गुट के साथ तीखी बहस हो गयी, जिससे झड़प शुरू हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गोलियां चलायीं, जिसमें हिमांशु तथा जसप्रीत गोली लगने से घायल हो गए।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश शर्मा ने बताया कि दोनों घायलों को एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
ऐसा संदेह है कि जसप्रीत की अगुवाई वाला गुट गुरचरण को अदालत में अपना बयान दर्ज कराने से रोकना चाहता था।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अदालत परिसर के पीछे गोलीबारी की घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई की। इस घटना के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY