देश की खबरें | पंजाब में सीमा पार से मादक पदार्थ की तस्करी में शामिल दो गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान के तस्करों द्वारा संचालित और सीमा पार से मादक पदार्थ की तस्करी करने में शामिल दो गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से नौ किलोग्राम से अधिक हेरोइन जब्त की गई है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
चंडीगढ़, 28 जून पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान के तस्करों द्वारा संचालित और सीमा पार से मादक पदार्थ की तस्करी करने में शामिल दो गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से नौ किलोग्राम से अधिक हेरोइन जब्त की गई है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अमृतसर के छेहरटा पुलिस थाने की पुलिस ने राजा सांसी क्षेत्र के शिवा एन्क्लेव से दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 8.2 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान अमृतसर के जठौल गांव के निवासी बचितर सिंह और छेहरटा में गुरु की वडाली के निवासी सन्नी के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि बचितर सिंह 2021 से हत्या के एक मामले में घोषित अपराधी था।
पुलिस टीम ने 8.2 किलोग्राम हेरोइन जब्त करने के अलावा 95,000 रुपये नकद और वजन तौलने की एक 'इलेक्ट्रॉनिक मशीन' भी बरामद की है।
उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
डीजीपी यादव ने बताया कि एक अन्य मामले में खुफिया सूचना के आधार पर रणजीत एवेन्यू थाने की पुलिस ने अमनदीप सिंह को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से एक किलो हेरोइन बरामद की।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने उस कार को भी जब्त कर लिया है जिसमें वह सवार था।
अमृतसर के पुलिस आयुक्त रणजीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी व्यक्ति सीधे पाकिस्तान के तस्करों के संपर्क में थे, जो ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से तस्करी कर पूरे राज्य में मादक पदार्थ की आपूर्ति कर रहे थे।
ढिल्लों ने कहा कि दोनों मामलों में जांच की जा रही है ताकि मादक पदार्थों के आपूर्तिकर्ताओं के पूरे गिरोह का पता लगाया जा सके।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 28, 2024 06:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

