देश की खबरें | छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटना में दो बच्चों की मौत, 20 लोग घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में एक निजी बस के पलटकर खाई में गिर जाने से दो नाबालिग लड़कियों की मौत हो गयी और कम से कम 20 अन्य लोग घायल हो गये। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
कबीरधाम, 26 जून छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में एक निजी बस के पलटकर खाई में गिर जाने से दो नाबालिग लड़कियों की मौत हो गयी और कम से कम 20 अन्य लोग घायल हो गये। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक यह दुर्घटना शनिवार शाम जिले में कुकदुर थाना क्षेत्र के अग्रपाणि गांव के पास पोलमी घाट पर हुई। यह बस उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जा रही थी। बस में ईंट भट्ठों में काम करने वाले 50 से अधिक मजदूर सवार थे।
पुलिस अधिकारी के अनुसार चालक ने संकरे मोड़ पर बस पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण बस पलटकर 25-30 फुट गहरी खाई में जा गिरी।
उन्होंने कहा, ‘‘इस दुर्घटना में रागिनी साहू (नौ) और सिमरन मांझी (तीन) नामक दो नाबालिग लड़कियों की मौत हो गई जबकि 20 अन्य घायल हो गए।’’
इस दुर्घटना के बाद बस का चालक और संवाहक वहां से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान कर उन्हें तलाश करने की कोशिश कर रही है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को कुकदूर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और पंडरिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घायलों में से चार की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए कबीरधाम के जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 26, 2022 04:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

