एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली में मुठभेड़ के बाद मेवात के दो एटीएम लुटेरे गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद बृहस्पतिवार को कई एटीएम तोड़ने की घटनाओं में शामिल एक अंतरराज्यीय मेवाती गिरोह के दो वांछित सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | दिल्ली में मुठभेड़ के बाद मेवात के दो एटीएम लुटेरे गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 25 जुलाई दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद बृहस्पतिवार को कई एटीएम तोड़ने की घटनाओं में शामिल एक अंतरराज्यीय मेवाती गिरोह के दो वांछित सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (विशेष शाखा) अमित कौशिक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मथुरा निवासी साजिद (23 वर्ष) और हरियाणा के पलवल निवासी आदिल (27 वर्ष) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि जैतपुर-कालिंदी कुंज पुश्ता रोड पर रात करीब 10 बजे दोनों आरोपी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे, जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया और संक्षिप्त गोलीबारी के बाद दोनों को पकड़ लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में दोनों घायल हो गए और फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज हो रहा है।

अधिकारी ने बताया कि उनके पास से दो पिस्तौल, कारतूस, पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में हाल ही में एटीएम तोड़कर लूटे गए 48,500 रुपये और दिल्ली से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

अधिकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा पिछले छह महीनों से साज़िद और उसके गिरोह पर नज़र रख रही थी।

उन्होंने बताया कि साज़िद उत्तर प्रदेश, पंजाब और दिल्ली समेत कई राज्यों में एटीएम लूट और हथियारों की तस्करी के कई मामलों में वांछित है जबकि आदिल गुजरात और पश्चिम बंगाल में भी कई मामलों में वांछित है।

इस गिरोह के खिलाफ बड़ी कामयाबी जनवरी में मेवात के एक कुख्यात अपराधी जमशेद की गिरफ्तारी से मिली।

जमशेद 2012 में दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल यशपाल की हत्या के मामले में वांछित था।

बाबा हरिदास नगर में कथित गाय चोरी के बाद 2012 में दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल यशपाल की हत्या के मामले में वांछित जमशेद ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर खुलासा किया था कि उसे हथियार साजिद से मिला था।

उसने पूछताछ में यह भी बताया कि साजिद कई राज्यों में एटीएम लूट की वारदातों में शामिल रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 25, 2025 10:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).