देश की खबरें | किसान की हत्या के मामले में दो गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जिले में हुसेनगंज थाना पुलिस ने बाबूगंज गांव में एक किसान की कथित रूप से हत्या कर उसका शव खेत में फेंके जाने के मामले में बृहस्पतिवार की रात दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
फतेहपुर (उप्र), छह नवंबर जिले में हुसेनगंज थाना पुलिस ने बाबूगंज गांव में एक किसान की कथित रूप से हत्या कर उसका शव खेत में फेंके जाने के मामले में बृहस्पतिवार की रात दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने भदार गांव के किसान का शव बाबूगंज गांव के एक खेत से बृहस्पतिवार की सुबह बरामद किया था। उसकी आंखों और गले पर चोट के निशान पाए गए थे।
हुसेनगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) सत्येंद्र सिंह भदौरिया ने शुक्रवार को बताया, ‘‘बृहस्पतिवार सुबह कुछ ग्रामीणों की सूचना पर बाबूगंज गांव के नजदीक एक ईंट भट्टे के सामने खेत से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया था। जिसकी पहचान भदार गांव के रहने वाले पुत्तन सिंह पटेल ने अपने बेटे जय सिंह पटेल (45) के रूप में की।’’
उन्होंने बताया, ‘‘शव से कुछ दूरी पर शराब की खाली बोतल पाए जाने पर शक के आधार नजदीकी शराब ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले गए, जिस पर मृतक जय सिंह पटेल के साथ उसी के गांव के अमित विश्वकर्मा (25) और दिनेश पटेल (50) शराब खरीदते दिखाई दिए।’’
भदौरिया ने बताया, ‘‘अमित और दिनेश को बृहस्पतिवार की रात भदार गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि शराब पीते समय जय सिंह उन दोनों को गाली देने लगा था और इसी वजह से उन्होंने जय के गमछे से ही उसका गला घोटकर हत्या कर दी थी।’’
एसएचओ ने बताया, ‘‘अमित और दिनेश को आईपीसी की धारा-302 और 201 के तहत गिरफ्तार किया गया है।’’
पुलिस ने बताया, ‘‘मृतक जय सिंह पटेल किसान था और दोनों आरोपी (अमित, दिनेश पटेल) भी पेशे से किसान हैं। दिनेश का जय से पारिवारिक संबंध है और जांच में उसका मृतक से कुछ जमीनी विवाद भी सामने आया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 06, 2020 11:46 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

