देश की खबरें | फर्जी एटीएम कार्ड बनाकर लोगों के बैंक खातों से पैसे निकालने के आरोप में दो गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के विरार में दो व्यक्तियों को कथित रूप से फर्जी एटीएम बनाने और लोगों के बैंक खातों से पैसा चुराने को लेकर गिरफ्तार किया गया है।
ठाणे, 27 फरवरी महाराष्ट्र के विरार में दो व्यक्तियों को कथित रूप से फर्जी एटीएम बनाने और लोगों के बैंक खातों से पैसा चुराने को लेकर गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) डॉ. महेश पाटिल ने बताया कि पुलिस को दो फरवरी को सूचना मिली थी की कुछ लोग फर्जी एटीएम कार्ड बनाने एवं लोगों के खातों से पैसे निकालने के लिए स्कीमर उपकरण (एटीएम कार्ड की जानकारियां जुटा लेने वाला) का उपयोग कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने विरार के गडगपाडा इलाके में छापा मार कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जो एक स्थानीय रेस्तरां एवं बार में वेटर की नौकरी करते थे।
अधिकारी के अनुसार, बिल का भुगतान करते समय दोनों ग्राहकों के कार्ड का पिन और उसके अंतिम चार अंक याद कर लेते थे।
पुलिस के मुताबिक फिर आरोपी एक स्कीमर उपकरण, मैग्नेटिक कार्ड रीडर एवं अन्य मशीनों की मदद से क्रेडिट/डेबिट कार्ड का ब्योरा जुटा लेते थे एवं फर्जी कार्ड बना लेते थे और उनकी मदद से वे लोगों के बैंक खातों से पैसे निकाल लेते थे।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लैपटॉप, मैग्नेटिक कार्ड रीडर, मिनी एटीएम मशीन, एटीएम स्कीमर, 64 फर्जी एटीएम कार्ड और 41 फर्जी चेक जब्त किये हैं। उनके विरूद्ध विरार थाने में भादंसं एवं सूचना प्रौद्योगिकी कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)