देश की खबरें | दोहरे हत्याकांड के दो आरोपी उत्तर-पूर्वी दिल्ली में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी के वेलकम इलाके में मंगलवार को दो दिहाड़ी मजदूरों की हत्या करने में कथित रूप से शामिल दो लोगों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उत्तर-पूर्वी दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 13 जुलाई राष्ट्रीय राजधानी के वेलकम इलाके में मंगलवार को दो दिहाड़ी मजदूरों की हत्या करने में कथित रूप से शामिल दो लोगों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उत्तर-पूर्वी दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर पूर्व) जॉय टिर्की ने बताया कि आरोपियों की पहचान शाहबाज (22) और मिस्बाह (21) के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को आंबेडकर कॉलेज के पीछे कबीर नगर इलाके में पुलिस के एक दल के साथ बुधवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब दो बजे दो दिहाड़ी मजदूरों - बबलू और प्रदीप की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज किया गया और जाफराबाद के रहने वाले शाहबाज और मिस्बाह की पहचान मामले के मुख्य आरोपियों के रूप में की गई।
टिर्की ने बताया कि पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि मंडोली जेल में शाहबाज के पास से 2019 में एक मोबाइल फोन मिला था, जिसके बाद कारागार में उसकी पिटाई हुई थी। उसे शक था कि फोन होने की जानकारी उसी जेल में बंद बबलू ने दी थी और वह मुखबिर था।
टिर्की ने बताया कि दोनों आरोपी (शाहबाज और मिस्बाह) एक स्कूटर पर सवार थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोका, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी करते हुए भागने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि जवाबी गोलीबारी में शाहबाज के बाएं पैर के निचले हिस्से में गोली लग गई और मिस्बाह के दाएं पैर के निचले हिस्से में गोली लगी।
उन्होंने बताया कि ये दोनों आरोपी पिछले महीने ही जमानत पर रिहा हुए थे और उनके खिलाफ पहले से ही हत्या सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
टिर्की ने बताया कि कि दोनों आरोपियों को इलाज के लिए जीटीबी (गुरु तेग बहादुर) अस्पताल ले जाया गया और मामले में आगे की जांच जारी है।
उन्होंने कहा कि शाहबाज और मिस्बाह घटना के दिन सुभाष पार्क की गली संख्या छह के पास बबलू और प्रदीप से मिले थे तथा वे चारों नशे की हालत में थे।
पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बहस होने के बाद शाहबाज ने बबलू पर कथित तौर पर दो गोलियां चलाईं जिससे उसकी मौत हो गई। उसने बताया कि प्रदीप घटनास्थल से भागने लगा, लेकिन शाहबाज और मिस्बाह ने उसका पीछा किया और उसकी भी कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 13, 2023 08:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

