देश की खबरें | बैंक लूट के दो आरोपियों को "मुठभेड़" में लगी गोली, पांच पुलिस कर्मी जमीन पर गिरकर जख्मी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. एक्सिस बैंक की एक स्थानीय शाखा में लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के दो आरोपी यहां पुलिस के साथ रविवार तड़के कथित मुठभेड़ में गोली लगने से जख्मी हो गये।
इंदौर (मध्यप्रदेश), 12 जुलाई एक्सिस बैंक की एक स्थानीय शाखा में लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के दो आरोपी यहां पुलिस के साथ रविवार तड़के कथित मुठभेड़ में गोली लगने से जख्मी हो गये।
गोलीबारी के दौरान भागते-दौड़ते मोर्चा संभालने के दौरान पांच पुलिस कर्मियों को कथित रूप से जमीन पर गिरने से मामूली चोटें आयी हैं।
यह भी पढ़े | राजस्थानः सियासी घमसान के बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज रात में बुलाई मंत्री और विधायकों की बैठक.
पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विवेक शर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि एक्सिस बैंक की परदेशीपुरा स्थित शाखा में शुक्रवार दोपहर चार हथियारबंद बदमाशों ने बैंक कर्मियों को पिस्तौल दिखाकर उनसे 5.35 लाख रुपये लूट लिये थे।
उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आरोपियों की तलाश के दौरान सुपर कॉरिडोर क्षेत्र के एक पुल के नीचे रविवार तड़के कुछ लोगों की संदिग्ध हरकत देखे जाने पर पुलिस दल ने उन्हें सामने आने को कहा, लेकिन छिपे बदमाशों ने पुलिस दल पर कथित रूप से गोलीबारी शुरू कर दी।
शर्मा ने बताया कि जवाब में पुलिस दल ने "आत्मरक्षा के लिये" गोलियां चलायीं। इस गोलीबारी में दो बदमाशों के पैरों में गोलियां लगीं। इनमें से एक की पहचान मुख्य आरोपी अंकुर चौकसे (30) के रूप में हुई है, जिसने एक्सिस
बैंक शाखा में लूट के दौरान एक महिला कैशियर से नकदी छीनी थी। गोलीबारी में जख्मी दूसरे बदमाश का नाम शुभम कार्डे (24) है जो लूट के दौरान बैंक में पिस्तौल लहरा रहा था।
आईजी ने बताया कि कथित मुठभेड़ के दौरान तीसरा बदमाश शुभम वर्मा (20) भागने की कोशिश के दौरान जमीन पर गिर पड़ा और उसे भी पैर में चोट आयी है। बैंक लूट के बाद इस वारदात का चौथा आरोपी रोहित यादव (30) इंदौर छोड़ कर भाग गया था। यादव को पुलिस ने शिवपुरी जिले से गिरफ्तार किया है।
शर्मा ने बताया, "गोलीबारी के दौरान एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी), एक शहर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी), दो थाना प्रभारी और एक आरक्षक भागते-दौड़ते मोर्चा संभालने के दौरान उबड़-खाबड़ जमीन पर गिरने से घायल हुए हैं। इन सबको मामूली चोटें आयी हैं।"
आईजी ने बताया कि बैंक लूट के आरोपियों से 3.10 लाख रुपये और दो पिस्तौल बरामद की गयी हैं। कथित मुठभेड़ में घायल तीनों आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि लूट की वारदात में निजी एजेंसी के एक सुरक्षा गार्ड को बदमाशों से मिलीभगत के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, जो इस अपराध के दौरान बैंक शाखा में ही तैनात था।
शर्मा ने यह भी बताया कि उषा नगर में बुधवार को एक घर में घुसने के बाद महिलाओं को बंधक बनाकर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात ले उड़ने के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक अन्य निजी सुरक्षा एजेंसी का चौकीदार भी शामिल है जिसने आरोपियों को वारदात के लिये हथियार मुहैया कराये थे।
आईजी ने बताया कि डकैती के नौ आरोपियों के कब्जे से एक पिस्तौल, एक देशी कट्टा और दो चाकुओं के साथ लूट की 15,000 रुपये की नकदी तथा जेवरात बरामद किये गये हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)