देश की खबरें | किसान आंदोलन के संबंध में ट्वीट भारत को बदनाम करने की साजिश : फडणवीस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. किसानों के प्रदर्शन के समर्थन में कुछ अंतरराष्ट्रीय हस्तियों और कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए ट्वीट को लेकर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि यह भारत को बदनाम करने तथा देश में अशांति एवं अफरा-तफरी उत्पन्न करने की अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा है।

नागपुर, चार फरवरी किसानों के प्रदर्शन के समर्थन में कुछ अंतरराष्ट्रीय हस्तियों और कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए ट्वीट को लेकर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि यह भारत को बदनाम करने तथा देश में अशांति एवं अफरा-तफरी उत्पन्न करने की अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा है।

फडणवीस ने यहां संवाददाताओं से कहा कि कुछ बाहरी शक्तियां भारत में कोई स्थिरता नहीं चाहतीं और यह अब इन ट्वीट के जरिए उजागर हो गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘इन ट्वीट से खुलासा हुआ है कि किस तरह की अंतरराष्ट्रीय साजिश चल रही है। किसानों के प्रदर्शन के मंच का इस्तेमाल कर भारत को बदनाम किया जा रहा है।’’

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अब यह सामने आ गया है कि देश में अफरा-तफरी और अशांति उत्पन्न करने के लिए किस तरह योजनाएं बनाई जा रही हैं।

केंद्र ने बुधवार को पॉप गायिका रिहाना और जलवायु कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग जैसी अंतरराष्ट्रीय हस्तियों पर निशाना साधा, जिन्होंने ट्वीट और सनसनीखेज हैशटैग एवं टिप्पणियों के जरिए किसानों के प्रदर्शन का समर्थन किया था।

उल्लेखनीय है कि केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर हजारों किसान पिछले दो महीने से अधिक समय से प्रदर्शन कर रहे हैं।

पिछले सप्ताह पुणे में एल्गार परिषद के सम्मेलन में कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा कि कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए थी।

पुणे पुलिस ने 30 जनवरी को हुए इस कार्यक्रम में धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में मंगलवार को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र शरजील उस्मानी के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\