जरुरी जानकारी | टीवी18 ब्रॉडकास्ट का दिसंबर तिमाही का मुनाफा 87.86 प्रतिशत घटा

नयी दिल्ली, 17 जनवरी मीडिया कंपनी टीवी18 ब्रॉडकास्ट लिमिटेड का दिसंबर में समाप्त चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 87.86 प्रतिशत घटकर 37.81 करोड़ रुपये रह गया।

कंपनी ने मंगलवार को कहा कि विज्ञापन राजस्व में नुकसान से उसे यह घाटा हुआ है।

कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष 2021-22 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 311.55 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

टीवी18 ब्रॉडकास्ट ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कहा कि आलोच्य अवधि में उसकी एकीकृत परिचालन आय 12.8 प्रतिशत बढ़कर 1,767.71 करोड़ रुपये रही। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 1,567.08 करोड़ रुपये थी।

टीवी18 ब्रॉडकास्ट ने अपने वित्तीय विवरण में कहा, ‘‘परिचालन के मोर्चे पर व्यापक रूप से अच्छे प्रदर्शन के बावजूद कंपनी की विज्ञापन आय लगातार घटी है।’’

इस दौरान कंपनी का कुल खर्च 45.09 प्रतिशत बढ़कर 1,812.90 करोड़ रुपये रहा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)