देश

Kerala Election 2026: चुनाव प्रचार को लेकर केरल पहुंचे PM मोदी, कांग्रेस पर जमकर बरसे, पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध को लेकर कही ये बात; VIDEO

केरल के पथनमथिट्टा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीति के लिए खाड़ी देशों में रह रहे 1 करोड़ भारतीयों की सुरक्षा को खतरे में डाल रही है.

Kerala Election 2026: चुनाव प्रचार को लेकर केरल पहुंचे PM मोदी, कांग्रेस पर जमकर बरसे, पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध को लेकर कही ये बात; VIDEO
(Photo Credits ANI)

Kerala Assembly Election 2026: केरल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर प्रचार के लिए पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने शनिवार को पथनमथिट्टा में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया (West Asia) में चल रहे युद्ध और संकटपूर्ण स्थितियों का जिक्र करते हुए कांग्रेस, LDF और UDF पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल केवल चुनाव जीतने और 'मोदी को गाली देने' के लिए खाड़ी देशों में रह रहे करीब 1 करोड़ प्रवासियों के जीवन को खतरे में डालने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं.

'खाड़ी देशों के साथ संबंध बिगाड़ने की साजिश'

प्रधानमंत्री ने जनसभा में कहा कि कांग्रेस और उसके साथी दल जानबूझकर ऐसे बयान दे रहे हैं जिससे पश्चिम एशिया के देश भारत को अपना दुश्मन समझने लगें. पीएम ने कहा, "कांग्रेस चाहती है कि हम यहां कोई ऐसी गलती कर दें या ऐसा बयान दे दें जिससे खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों पर मुसीबत आ जाए. वे चाहते हैं कि वहां अविश्वास पैदा हो और पैनिक फैले, ताकि उन्हें मुझे घेरने का मौका मिल सके." उन्होंने विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि चुनाव आते-जाते रहेंगे, लेकिन लाखों भारतीयों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता.  यह भी पढ़े: पश्चिम एशिया संघर्ष: कुवैत से 20 भारतीयों के पार्थिव शरीर पहुंचे कोचीन; ड्रोन हमले में मारे गए तमिलनाडु के युवक का शव भी शामिल

कांग्रेस पर जमकर बरसे मोदी

युद्ध के बीच भारतीयों की सुरक्षा का आश्वासन

पश्चिम एशिया के युद्ध संकट पर बात करते हुए पीएम मोदी ने केरल के परिवारों को आश्वस्त किया. उन्होंने कहा, "युद्ध की इन परिस्थितियों में मैं आपकी चिंता समझता हूं. मैं खाड़ी देशों के नेताओं और वहां की सरकारों से लगातार संपर्क में हूं. आपके परिजन भले ही आपसे दूर हों, लेकिन वे अकेले नहीं हैं. भारत सरकार हर भारतीय के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है."

ईरान से मछुआरों की वापसी का जिक्र

पीएम मोदी ने बताया कि ईरान में फंसे तमिलनाडु, केरल, गोवा, तेलंगाना और पुडुचेरी के मछुआरों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं. उन्होंने कहा, "आज सैकड़ों की तादाद में हमारे मछुआरे भाई-बहन भारत लौटने वाले हैं. हमारे लिए उनकी जिंदगी महत्वपूर्ण है, जबकि कांग्रेस इस गंभीर स्थिति में भी अपनी स्वार्थी सियासत कर रही है. इसके लिए कांग्रेस को केरल की जनता से माफी मांगनी चाहिए."

'हमारी दोस्ती भारतीयों की रक्षा कर रही है'

प्रधानमंत्री ने रेखांकित किया कि खाड़ी देशों की सरकारों के साथ भारत के संबंध आज ऐतिहासिक रूप से मजबूत हैं. उन्होंने कहा, "यह हमारी बेहतर कूटनीति और दोस्ती का ही नतीजा है कि वहां की सरकारें हमारे भारतीयों को अपना परिवार मानकर उनकी रक्षा कर रही हैं. ऐसे संवेदनशील समय में विपक्ष को अनाप-शनाप बोलना बंद करना चाहिए, जिससे हमारे लोगों को वहां तकलीफ न हो."

केरल की इस रैली में पीएम मोदी ने विकास के मुद्दों के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा और प्रवासियों के हितों को केंद्र में रखा, जो राज्य की राजनीति में एक बेहद प्रभावशाली मुद्दा है.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 04, 2026 04:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).