विदेश की खबरें | तुर्की, यूनानी द्वीप में भूकंप से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 27 हुई

शनिवार को बचाव दलों ने आठ इमारतों के मलबों के नीचे दबे और जीवित बचे लोगों को खोजने के लिए अभियान चलाया। इजमिर के बायराकली जिले में एक अपार्टमेंट के मलबे से बचावकर्ताओं ने एक किशोर को जीवित निकाला, उसके साथ उसका पालतू कुत्ता भी जीवित पाया गया।

कई लोग अपने मित्रों और संबंधियों की खबर पाने के लिए मलबों के निकट मौजूद हैं।

यह भी पढ़े | H-1B Visa: एच -1 बी वीजा पात्रता में बदलाव के खिलाफ ट्विटर ने दी चुनौती, कहा- ये नये नियम ग्लोबल टैलेंट का गला घोट रहे हैं.

सरकारी अनादोलू समाचार एजेंसी के मुताबिक एक अन्य इमारत के मलबे से बचावकर्मियों ने 38 वर्षीय महिला से संपर्क साधा, उस महिला के साथ उसके चार बच्चे भी मलबे में दबे हैं और इन सभी को निकालने का प्रयास जारी है।

शनिवार सुबह एक इमारत के मलबे से दो महिलाओं को निकाला गया था। भूकंप के बाद से अब तक कुल 100 लोगों को जीवित निकाला गया है।

यह भी पढ़े | Coronavirus Cases Update: अमेरिका में COVID19 मामलों की अब तक सबसे बड़ी दैनिक वृद्धि, कुल मामले 90 लाख के पार.

पर्यावरण मंत्री मुरात कुरुम ने संवादाताओं को बताया कि पांच हजार बचावकर्मी इस काम में लगे हुए हैं।

शुक्रवार दोपहर आए भूकंप के कारण तुर्की के तीसरे सबसे बड़े शहर इजमिर में इमारतें ढह गईं और इजमिर जिले के सेफेरिहिसार एवं सामोस में छोटी सुनामी भी आई। इसके बाद भी भूकंप बाद के सैकड़ों हल्के झटके आए।

तुर्की के आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन विभाग ने बताया कि इजमिर में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से एक बुजुर्ग महिला की मौत डूबने के कारण हुई।

स्वास्थ्य प्राधिकारियों ने बताया कि सामोस में एक दीवार ढहने के कारण फंसी दो किशोरियों की मौत हो गई। द्वीप में कम से कम 19 लोग घायल हुए हैं।

भूकंप में 800 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

विभाग ने बताया कि भूकंप का केन्द्र इजियन सागर में 16.5 किलोमीटर नीचे था। भूकंप की तीव्रता 6.6 दर्ज की गई।

यूरोपीय- मूध्यसागर भूकंप विज्ञान केन्द्र ने कहा कि शुरुआत में भूकंप की तीव्रता 6.9 थी और इसका केन्द्र यूनान के उत्तर-उत्तरपूर्व में सामोस द्वीप में था।

प्राधिकारियों ने इजमिर निवासियों को सचेत किया है कि वे क्षतिग्रस्त इमारतों में अभी नहीं लौटें, क्योंकि भूकंप के बाद आने वाले हल्के झटकों के कारण ये इमारतें ढह सकती हैं। इजमिर में 3,000 से अधिक राहत कर्मियों और राहत सामग्री भेजी गई है।

यूनान और तुर्की के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बीच दोनों देशों के अधिकारियों ने इस मुश्किल समय में एकजुटता दिखाते हुए संदेश जारी किए तथा यूनान और तुर्की के राष्ट्रपति ने फोन पर बातचीत की।

एपी मानसी सुभाष

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)