Maharashtra: नाना पटोले का बड़ा बयान, कांग्रेस के बिना विपक्षी मोर्चा बनाने की कोशिश से BJP को होगा फायदा
महाराष्ट्र की कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी को शामिल किए बिना ''भाजपा-विरोधी मोर्चा'' बनाने की कोई भी कोशिश अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा को फायदा ही पहुंचाएगी.
मुंबई: महाराष्ट्र की कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले (Nana Patole) ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी को शामिल किए बिना ''भाजपा-विरोधी मोर्चा'' बनाने की कोई भी कोशिश अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा को फायदा ही पहुंचाएगी. जलगांव जिले के फैजपुर में पटोले ने संवाददाताओं से कहा कि चुनाव में अभी तीन साल बाकी हैं और कांग्रेस की प्राथमिकता कोविड-19 प्रबंधन है. ''भाजपा-विरोधी मोर्चा'' गठित करने की अटकलों को लेकर उन्होंने कहा कि ऐसा मोर्चा बिना कांग्रेस के संभव नहीं है और ऐसे किसी भी प्रयास से अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा को फायदा होगा.
महाराष्ट्र में शिवसेना, कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की गठबंधन सरकार है. पिछले सप्ताह पटोले ने कहा था कि कांग्रेस आगामी चुनावों को अकेले ही लड़ेगी, जिसे लेकर सत्तारूढ़ गठबंधन में हलचल मच गयी थी. यह भी पढ़े: Delhi: शरद पवार के घर विपक्षी दलों की बैठक खत्म, एनसीपी नेता बोले- कई मुद्दों पर हुई चर्चा, BJP के खिलाफ नहीं थी मीटिंग
पटोले ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस की प्राथमिकता किसानों और युवाओं का कल्याण है जोकि बेरोजगारी के संकट से जूझ रहे हैं. कांग्रेस नेता ने कहा, '' मैं पहले ही चुनाव के बारे में विचार रख चुका हूं और यह संदेश पार्टी कार्यकर्ताओं तक पहुंच गया है। चुनाव अभी तीन साल दूर हैं और मैं इस पर कुछ नहीं बोलूंगा. हम नरेंद्र मोदी सरकार के कोविड-19 से निपटने में नाकामी और किसानों को नजरअंदाज करने का मुद्दा उठाएंगे.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 23, 2021 05:03 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

