ताजा खबरें | टीआरएस ने लोकसभा में सरकार से धान खरीद पर बयान देने की मांग की

नयी दिल्ली, तीन दिसंबर लोकसभा में शुक्रवार को तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के एक सदस्य ने राज्य में धान की खरीद के विषय को उठाते हुए सरकार से सदन में इस संबंध में बयान देने की मांग की।

सदन में पार्टी के नेता नमा नागेश्वर राव ने शून्यकाल में इस विषय को उठाते हुए कहा कि पार्टी सांसद पिछले पांच दिन से सदन में यह मांग उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में धान फसल की खरीद नहीं हो रही।

राव ने दावा किया, ‘‘तेलंगाना बनने के बाद वहां के किसानों को 24 घंटे मुफ्त बिजली मिल रही है, आर्थिक सहायता दी जा रही है। पानी भी पर्याप्त मिल रहा है जिससे यह राज्य धान की फसल उगाने के मामले में पंजाब से अधिक पैदावार कर नंबर एक पर पहुंच गया है।’’

उन्होंने कहा कि लेकिन राज्य के किसानों की धान की फसल की खरीद को लेकर बहुत समस्या है।

राव ने कहा कि केंद्र सरकार एक निर्धारित कोटा बता दे कि वह राज्य के किसानों का कितना धान खरीदेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हम पांच दिन से सदन में आसन के पास आकर मांग कर रहे हैं। लेकिन सरकार कोई बयान नहीं दे रही। सरकार इस बारे में बयान दे। सरकार को राष्ट्रीय खरीद नीति बनानी चाहिए तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कानून बनाना चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)