अगरतला, चार जुलाई त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा आठ जुलाई को विधायक के रूप में शपथ लेंगे, जिन्होंने टाउन बोरडोवाली विधानसभा सीट से उपचुनाव में जीत दर्ज की थी। त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष रतन चक्रवर्ती ने सोमवार को यह जानकारी दी।
चक्रवर्ती ने मीडिया को बताया कि साहा ने सोमवार को दिल्ली में राज्यसभा के सभापति और उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू से मुलाकात की तथा राज्यसभा सदस्य के रूप में अपना इस्तीफा दे दिया।
उपचुनाव में चुने गए चार विधायकों में से तीन सुदीप रॉय बर्मन (कांग्रेस), मलिना देबनाथ (भाजपा) और स्वप्ना दास (भाजपा) ने 29 जून को शपथ ली थी। हालांकि, साहा 'तकनीकी कारणों' से शपथ नहीं ले पाए थे।
साहा ने 14 मई को बिप्लब कुमार देब की जगह त्रिपुरा के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया था। बिप्लब देब राज्य में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री थे।
दंत चिकित्सक से नेता बने साहा ने संवैधानिक प्रावधान को पूरा करने के लिए उपचुनाव लड़ा था और 26 जून को छह हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की थी।
साहा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY