देश की खबरें | हाथरस घटना के विरोध में तृणमूल की महिला इकाई ने तीसरी रैली निकाली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तृणमूल कांग्रेस की महिला इकाई ने हाथरस में दलित समुदाय की एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म और उसकी मौत की घटना के विरोध में शनिवार को यहां रैली निकाली।
कोलकाता, 10 अक्टूबर तृणमूल कांग्रेस की महिला इकाई ने हाथरस में दलित समुदाय की एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म और उसकी मौत की घटना के विरोध में शनिवार को यहां रैली निकाली।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार में वृद्धि हुई है।
रैली में पार्टी की सैंकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। उन्होंने हाथरस की घटना के विरोध में नारेबाजी की। रैली में शामिल प्रदर्शनकारियों के हाथों में पोस्टर थे जिनमें लिखा था कि ‘‘दलित महिला हमारी बेटी है।’’
कोरोना वायरस महामारी के बावजूद इस सप्ताह तृणमूल कांग्रेस की महिला इकाई की यह तीसरी ऐसी रैली थी। इससे पहले मंगलवार और बृहस्पतिवार को भी शहर के अन्य हिस्सों में जुलूस निकाले गए थे।
तृणमूल महिला कांग्रेस की अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा, "हम उत्तर प्रदेश तथा मध्य प्रदेश जैसे भाजपा शासित राज्यों में दलितों और महिलाओं पर अत्याचार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराना चाहते हैं।"
वह ममता बनर्जी सरकार में मंत्री भी हैं। उन्होंने भाजपा शासित राज्यों में विभिन्न जातियों के बीच विभाजन पैदा करने और समाज को बांटने का आरोप लगाया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)