देश की खबरें | तृणमूल नेता कुणाल घोष ने भाजपा प्रत्याशी तापस रॉय को ‘सच्चे जनाधार वाला’ नेता बताया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष ने बुधवार को कोलकाता उत्तरी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी तापस रॉय के साथ मंच साझा किया और उन्हें ‘सच्चे जनाधार वाला नेता’ बताया।
कोलकाता, एक मई तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष ने बुधवार को कोलकाता उत्तरी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी तापस रॉय के साथ मंच साझा किया और उन्हें ‘सच्चे जनाधार वाला नेता’ बताया।
तृणमूल कांग्रेस के चार बार के विधायक रॉय मार्च में तब भाजपा में चले गये थे जब तृणमूल ने अपने निवर्तमान सांसद सुदीप बंदोपाध्याय को कोलकाता उत्तरी से फिर प्रत्याशी बना दिया। बाद में भाजपा ने रॉय को बंदोपाध्याय के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारा।
संयोग से तृणमूल महासचिव घोष ने रक्तदान कार्यक्रम में बंदोपाध्याय को नहीं बुलाया। इस कार्यक्रम में रॉय भी पहुंचे थे।
घोष ने कहा, ‘‘ तापस रॉय एक सच्चे जनाधार वाले नेता हैं। उनके दरवाजे पार्टी कार्यकर्ताओं और लोगों के लिए हमेशा खुले हैं। मैं उन्हें कई दशकों से जानता हूं। दुर्भाग्य से हमारे रास्ते अब अलग-अलग हैं क्योंकि हमारे यथासंभव प्रयास के बाद भी तापस दा को हम पार्टी में नहीं रख पाये।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ मैं आशावान हूं कि चुनाव स्वतंत्र एवं निष्पक्ष होंगे तथा इस सीट को बचाये रखने के लिए किसी अनैतिक तरीके का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। लोगों को स्वतंत्र रूप से वोट डालने दें। ’’
रॉय ने घोष को धन्यवाद दिया और कहा कि उनके आपसी संबंध राजनीति से परे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ यदि आप तृणमूल में या किसी भी अन्य राजनीतिक दल में किसी से पूछेंगे तो सभी मेरी तारीफ करेंगे। कोई मेरे बारे में बुरा नहीं बोलेगा। मैं कुणाल को प्रशंसा करने के लिए धन्यवाद देता हूं।’’
बाद में घोष ने संवाददाताओं से कहा कि यह राजनीतिक कार्यक्रम नहीं था बल्कि एक स्थानीय क्लब द्वारा आयोजित एक रक्तदान कार्यक्रम था।
उन्होंने कहा, ‘‘ मैं तापस रॉय को एक अच्छा मनुष्य और अच्छा नेता मानता हूं और मैंने यह बोल दिया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2024 05:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

