एजेंसी न्यूज

उप्र में हादसे में प्रवासी मजदूरों की मौत को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा

तृणमूल ने आरोप लगाया कि केंद्र की ओर से लागू 'अव्यवस्थित लॉकडाउन' और 'अहंकारी' रवैये ने लाखों लोगों को परेशानी में डाल दिया।

उप्र में हादसे में प्रवासी मजदूरों की मौत को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा
जमात

कोलकाता, 16 मई तृणमूल कांग्रेस ने शनिवार को उत्तर प्रदेश में हुए सड़क हादसे में प्रवासी मजदूरों की मौत को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और केंद्र के 'अव्यवस्थित लॉकडाउन' और 'अंहकारी' रवैये को इसका जिम्मेदार ठहराया।

तृणमूल ने आरोप लगाया कि केंद्र की ओर से लागू 'अव्यवस्थित लॉकडाउन' और 'अहंकारी' रवैये ने लाखों लोगों को परेशानी में डाल दिया।

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के पास राजमार्ग पर शनिवार सुबह ट्रक और एक डीसीएम मेटाडोर (ट्रक से छोटा वाहन) की टक्कर में 24 प्रवासी मजदूरों की मौत हो गयी जबकि 36 अन्य मजदूर घायल हो गये। इन दोनों वाहनों में ज्यादातर पश्चिम बंगाल और झारखंड के मजदूर सवार थे।

यह हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहन पलट कर नजदीक के एक गड्ढे में जा गिरे।

तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने कहा कि केंद्र को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि प्रवासी मजदूर सुरक्षित अपने घर लौट सकें लेकिन इसके बजाय वह राज्य सरकारों पर आरोप लगाने में व्यस्त है।

उन्होंने कहा कि केंद्र के अचानक लॉकडाउन लागू करने के फैसले से इस तरह की अफरातफरी का माहौल बना और रोजाना दुर्घटनाओं में प्रवासी मजदूरों की मौत एवं आत्महत्याओं की खबरें सामने आ रही हैं।

प्रवासी मजदूरों को वापस लाने को लेकर पर्याप्त कदम नहीं उठाने के लिए केंद्र के आरोप झेल रही पश्चिम बंगाल सरकार ने देश में मजदूरों के संकट के लिए केंद्र सरकार की 'दूरदर्शिता की कमी' को जिम्मेदार ठहराया।

पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी ने एक ट्वीट में कहा, '' किसी भी तरह अपने गृह स्थान लौटने के लिए प्रवासी मजदूरों द्वारा उठाए गए व्याकुलता भरे ऐसे कदम अहंकारी और असंवेदनशील सरकार की ओर से लागू अव्यवस्थित लॉकडाउन का नतीजा हैं।''

इस बीच, पश्चिम बंगाल सरकार ने सड़क दुर्घटना में मारे गए राज्य के तीन प्रवासी मजदूरों के परिजन को दो-दो लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।

राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई- से कहा, '' हमारे पास पुष्ट सूचना है कि उत्तर प्रदेश में सड़क हादसे में मारे गए तीन मजदूर पुरुलिया जिले के थे। इनके करीबी परिजन को दो-दो लाख रुपये की मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2020 08:15 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).