देश की खबरें | तृणमूल कांग्रेस ने घुसपैठ की टिप्पणी को लेकर अमित शाह पर पलटवार किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस आरोप पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की कि पश्चिम बंगाल सरकार घुसपैठ को बढ़ावा दे रही है। पार्टी ने कहा कि सीमा सुरक्षा बीएसएफ की जिम्मेदारी है जो केंद्र सरकार के अधीन काम करती है।
कोलकाता, एक जून तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस आरोप पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की कि पश्चिम बंगाल सरकार घुसपैठ को बढ़ावा दे रही है। पार्टी ने कहा कि सीमा सुरक्षा बीएसएफ की जिम्मेदारी है जो केंद्र सरकार के अधीन काम करती है।
दो दिवसीय बंगाल दौरे पर आए शाह ने आरोप लगाया है कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार बांग्लादेश से अवैध घुसपैठ को रोकने में केंद्र के साथ सहयोग नहीं कर रही है।
तृणमूल कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘सीमा पार से घुसपैठ को रोकना पूरी तरह बीएसएफ की जिम्मेदारी है। तृणमूल कांग्रेस सीमाओं की रखवाली नहीं कर रही है, यह सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का काम है, जो केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन काम करता है। अगर कोई मुद्दा है, तो इसे केंद्र द्वारा सुलझाया जाना चाहिए। सीमा मुद्दों के लिए राज्य प्रशासन को दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए।’’
भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘अगर कोई तृणमूल पर घुसपैठ की अनुमति देने का आरोप लगाता है, तो मैं कहूंगी कि इस खतरे को रोकना बीएसएफ की जिम्मेदारी है। गृह मंत्री को खुद यह सुनिश्चित करना चाहिए कि देश की सीमा सुरक्षित रहे।’’
रविवार को बंगाल में एक रैली के दौरान शाह ने आरोप लगाया कि बनर्जी के शासन में राज्य घुसपैठ, भ्रष्टाचार और अराजकता का केंद्र बन गया है। उन्होंने राज्य सरकार पर सीमा पर बाड़ लगाने के लिए आवश्यक भूमि नहीं देने का भी आरोप लगाया।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘राज्य ने बाड़ लगाने में रोड़ा नहीं अटकाया है। भूमि अधिग्रहण एक प्रक्रियागत मामला है और इसका राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।’’
तृणमूल सांसद सागरिका घोष ने भी शाह की टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री संवैधानिक प्राधिकारी के बजाय भाजपा पदाधिकारी की तरह व्यवहार कर रहे हैं।
घोष ने कहा, ‘‘ऐसे समय में जब तृणमूल कांग्रेस भारत सरकार के साथ मजबूती से खड़ी है और जब हमारे राष्ट्रीय महासचिव सांसदों के प्रतिनिधिमंडल के साथ विदेश में हैं और भारत सरकार के पक्ष में और पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ मजबूती से बोल रहे हैं, तब कोई और नहीं बल्कि गृह मंत्री बंगाल आते हैं और भाजपा कार्यकर्ता की तरह काम करते हैं और हमारी आदरणीय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ घटिया का इस्तेमाल करते हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)