देश की खबरें | लद्दाख में सड़क दुर्घटना में मारे गए नौ सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गयी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लद्दाख में उन नौ सैन्यकर्मियों के लिए सोमवार को यहां श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया जो पिछले सप्ताह केंद्र शासित प्रदेश में एक वाहन दुर्घटना में मारे गये थे । इन सैनिकों को लेकर जा रहा एक वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गया था।

लेह, 21 अगस्त लद्दाख में उन नौ सैन्यकर्मियों के लिए सोमवार को यहां श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया जो पिछले सप्ताह केंद्र शासित प्रदेश में एक वाहन दुर्घटना में मारे गये थे । इन सैनिकों को लेकर जा रहा एक वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गया था।

यह दुर्घटना 19 अगस्त को दक्षिणी लद्दाख के न्योमा में कियारी के पास हुई थी। दुर्घटना में केवल एक सैनिक जीवित बचा था और जिसका उपचार चल रहा है।

सेना की फायर एंड फ्यूरी कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल रशिम बाली ने मारे गए जवानों के शवों पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के आयोजन की अगुवाई की।

लेह स्थित 14 कोर ने एक्स पर लिखा, ‘‘एक औपचारिक समारोह में, जीओसी (जनरज आफिसर कमांडिंग) फायर एंड फ्यूरी कोर तथा सभी रैंक ने 19 अगस्त 2023 को लद्दाख में कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुरों को पूरे सैन्य सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की।’’

सेना की 14वीं कोर ने जीओसी एवं अन्य अधिकारियों द्वारा तिरंगे में लिपटी सैनिकों की शवपेटिका पर पुष्पचक्र अर्पित करते हुए कई तस्वीरें भी साझा कीं।

लेह स्थित जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा) लेफ्टिनेंट कर्नल पी एस सिद्धू ने कहा कि श्रद्धांजलि समारोह के बाद सैनिकों के पार्थिव शरीर को चंडीगढ़ ले जाया गया।

उन्होंने कहा कि पार्थिव शरीर को उनके अंतिम संस्कार के लिए उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इन मृत सैनिकों का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक स्थानों पर किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\