महाराष्ट्र से प्रवासियों को लेकर बिहार और पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हुईं ट्रेनें
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार लॉकडाउन के दौरान पश्चिम बंगाल और बिहार के अलावा अन्य राज्यों के करीब 2.45 लाख प्रवासी मजदूरों को विशेष ट्रेनों से उनके गंतव्य स्थल भेज चुकी है।
मुंबई, 16 मई महाराष्ट्र से शनिवार को बिहार और पश्चिम बंगाल के प्रवासियों को लेकर पहली ट्रेनें रवाना हुईं। दोनों राज्यों ने अभी तक कामगारों की वापसी की अनुमति नहीं थी। महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार लॉकडाउन के दौरान पश्चिम बंगाल और बिहार के अलावा अन्य राज्यों के करीब 2.45 लाख प्रवासी मजदूरों को विशेष ट्रेनों से उनके गंतव्य स्थल भेज चुकी है।
देशमुख ने कहा कि राज्य सरकार अपने गृह राज्यों को जाने के इच्छुक प्रवासी कामगारों के टिकटों का खर्च उठा रही है।
देशमुख ने एक वीडियो संदेश में कहा, ''अब तक 191 ट्रेनों के जरिये करीब 2.45 लाख प्रवासी कामगारों को उनके गृह राज्यों में भेजा जा चुका है।''
ये ट्रेनें महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, ओडिशा, जम्मू-कश्मीर, झारखंड और आंध्र प्रदेश के लिए चलाई गईं।
देशमुख ने कहा, ''हम बिहार और पश्चिम बंगाल इसलिये ट्रेनें नहीं भेज पा रहे थे चूंकि इन राज्यों ने इसकी इजाजत नहीं दी थी। लेकिन शरद पवार और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने व्यक्तिगत रूप से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से फोन पर बात की। इसके बाद पहली बार ट्रेनों को पश्चिम बंगाल और बिहार रवाना किया गया है।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2020 06:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

