एजेंसी न्यूज

Bomb In Train: गरीब रथ एक्सप्रेस में बम होने की सूचना पर तीन घंटे की देरी से चली ट्रेन

हजरत निजामुद्वीन से चेन्नई जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन में बम होने की सूचना पर सोमवार देर शाम हड़कंप मच गया

Bomb In Train: गरीब रथ एक्सप्रेस में बम होने की सूचना पर तीन घंटे की देरी से चली ट्रेन
भारतीय रेलवे (Photo Credits Facebook)

धौलपुर, 20 फरवरी हजरत निजामुद्वीन से चेन्नई जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन में बम होने की सूचना पर सोमवार देर शाम हड़कंप मच गया. ट्रेन को आपात स्थिति में धौलपुर जंक्शन पर रोका गया और उच्च रेल प्रशासन एवं जिला पुलिस द्वारा ट्रेन की गहनता से जांच की गई. सूत्रों ने बताया कि ट्रेन में बम की सूचना झूठी निकली, जिसके बाद रेल प्रशासन ने राहत की सांस ली. जांच के चलते करीब तीन घंटे बाद ट्रेन को धौलपुर से रवाना किया गया. यह भी पढ़ें: अस्पताल कर्मी पर नौकरी लगवाने के नाम पर युवती के साथ सामूहिक बलात्कार का आरोप

रेलवे सूत्रों के अनुसार, रेल प्रशासन को 139 नंबर पर सोमवार देर शाम हजरत निजामुद्वीन से चेन्नई जा रही 12612 गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन के जी-2 कोच में बम होने के बारे में सूचना मिली थी.

इसके बाद ट्रेन को शाम करीब छह बजकर 45 मिनट पर धौलपुर जंक्शन स्टेशन पर प्लेटफार्म संख्या-दो पर आपात स्थिति में रोका गया.

धौलपुर जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक एस.के. जैन ने बताया कि ट्रेन को रोककर आरपीएफ एवं जीआरपी के साथ में धौलपुर जिला पुलिस ने आगरा और मुरैना से आए बम निरोधक दस्ते एवं स्वान दस्ते के साथ गरीब रथ एक्सप्रेस के चार डिब्बों की सघनता से जांच की. जांच के दौरान कोई भी बम एवं अन्य आपत्तिजनक सामान नहीं मिला.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 21, 2023 12:18 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).