नयी दिल्ली, 18 अगस्त दिल्ली यातायात पुलिस के एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) ने पश्चिमी दिल्ली में एक कार चालक को पुलिस चौकी के पास रूकने का संकेत दिया, जिसके बाद उसने अपने वाहन से उन्हें टक्कर मार दी। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गये और कोमा में हैं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक महीने से भी कम समय में इस तरह की यह दूसरी घटना है।
सोमवार दोपहर खयाला के रघुवीर नगर में हुई इस घटना के बाद से एएसआई महावीर (51), पंजाबी बाग के श्री बालाजी एक्शन अस्पताल में भर्ती हैं।
कार चालक फरार है। हालांकि, पुलिस ने दावा किया है कि उन्हें उसके बारे में कुछ अहम सुराग मिले हैं।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) दीपक पुरोहित ने बताया कि महावीर ने जब सफेद रंग की आई20 कार को चौकी के पास रुकने का संकेत दिया, तो चालक ने गति बढ़ा दी और उन्हें टक्कर मार कर भाग गया।
उन्होंने कहा, ‘‘हम सीसीटीवी कैमरा खंगाल रहे हैं और कुछ अहम सुरागों पर काम कर रहे हैं। ’’
डीसीपी ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में हत्या की कोशिश, लोकसेवक के कार्य में बाधा डालने, आरोपों के तहत एक मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
गौरतलब है कि 25 जुलाई को 58 वर्षीय सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) संकेत कुमार कौशिक की इसी तरह की एक अन्य घटना में मौत हो गई थी। उन्हें राजोकरी फ्लाईओवर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग आठ पर एक मिनी ट्रक ने टक्कर मार दी थी।
पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY