जरुरी जानकारी | अमेरिका के साथ व्यापार समझौते से भारत वैश्विक व्यापार समीकरण में मजबूत होगा: पनगढ़िया

नयी दिल्ली, दो मई सोलहवें वित्त आयोग के चेयरमैन अरविंद पनगढ़िया ने शुक्रवार को कहा कि भारत मौजूदा शुल्क अनिश्चितता की स्थिति से मजबूत होकर उभरेगा।

उन्होंने साथ ही जोड़ा कि अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते से देश वैश्विक व्यापार समीकरण में 'अविश्वसनीय रूप से अनुकूल' स्थिति में होगा।

पनगढ़िया ने कहा कि चीन, वियतनाम और कंबोडिया पर अमेरिका के व्यापार प्रतिबंध भारत को वैश्विक व्यापार के लिहाज से अनुकूल स्थिति में लाएंगे।

उन्होंने कहा, ''अमेरिका स्पष्ट रूप से चीन से अलग होना चाहता है। इसलिए अमेरिका-चीन व्यापार संघर्ष बना रहेगा... अमेरिका के भीतर इस भावना का एक लंबा इतिहास रहा है कि चीन ने अनुचित तरीके से काम किया है।''

पनगढ़िया ने कहा कि व्यापार के मोर्चे पर भारत को जिन चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा, वे अगले तीन महीनों में स्पष्ट हो जाएंगी।

उन्होंने कहा, ''अगर भारत, अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर सफलतापूर्वक बातचीत करता है, तो यह भारत को वैश्विक व्यापार समीकरण में अविश्वसनीय रूप से अनुकूल स्थिति में रखेगा।''

पनगढ़िया ने कहा कि इससे यूरोपीय संघ और ब्रिटेन के साथ समझौता करने के लिए रास्ता तैयार होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)