देश की खबरें | गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर रैली : किसान नेताओं ने वैकल्पिक मार्ग के सुझाव को खारिज किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केन्द्र के नये कृषि कानूनों का विरोध कर रही किसान यूनियनों ने 26 जनवरी को प्रस्तावित अपनी ट्रैक्टर रैली के लिए वैकल्पिक मार्ग के सुझाव को बुधवार को खारिज कर दिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 20 जनवरी केन्द्र के नये कृषि कानूनों का विरोध कर रही किसान यूनियनों ने 26 जनवरी को प्रस्तावित अपनी ट्रैक्टर रैली के लिए वैकल्पिक मार्ग के सुझाव को बुधवार को खारिज कर दिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने प्रस्तावित ट्रैक्टरी रैली को दिल्ली के व्यस्त बाहरी रिंग रोड की बजाय कुंडली-मानेसर पलवल एक्सप्रेस वे पर आयोजित करने का सुझाव दिया था जिसे किसान यूनियनों ने अस्वीकार कर दिया।
यूनियन नेताओं और दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा पुलिस बलों के अधिकारियों ने गणतंत्र दिवस पर प्रस्तावित रैली के मार्ग और प्रबंधों पर चर्चा करने के लिए यहां विज्ञान भवन में मुलाकात की।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने किसान नेताओं को रैली के लिए कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे मार्ग का सुझाव दिया जिसे उन्होंने खारिज कर दिया।
बाहरी रिंग रोड विकासपुरी, जनकपुरी, उत्तम नगर, बुराड़ी, पीरागढ़ी और पीतमपुरा जैसे दिल्ली के कई क्षेत्रों से होकर गुजरता है।
बैठक में शामिल एक किसान नेता ने बताया कि बृहस्पतिवार को पुलिस अधिकारियों के साथ वार्ता का एक और दौर हो सकता है।
राष्ट्रीय राजधानी की अलग-अलग सीमाओं पर किसान पिछले 56 दिनों से तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
एक वरिष्ठ किसान नेता ने कहा कि बैठक के दौरान, ‘‘हमने 26 जनवरी को अपनी ट्रैक्टर रैली के संबंध में पुलिस अधिकारियों के साथ कई बिंदुओं पर चर्चा की।’’
सूत्रों के अनुसार संयुक्त पुलिस आयुक्त (उत्तरी क्षेत्र) एस एस यादव ने दिल्ली पुलिस की ओर से बैठक का समन्वय किया।
उन्होंने बताया कि बैठक में हरियाणा और उत्तर प्रदेश के पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 20, 2021 05:03 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

