पुणे, 26 फरवरी लोकसभा के बीमार सदस्य गिरीश बापत ने रविवार को पुणे की कस्बा पेठ विधानसभा सीट के उपचुनाव में वोट डाला।
बापत कार से अहिल्याबाई हाई स्कूल के मतदान केंद्र पहुंचे और बाद में उन्हें ‘व्हीलचेयर’ से मतदान केंद्र के अंदर ले जाया गया जहां उन्होंने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव जीतने से पहले, बापत ने पांच बार पुणे में स्थित इस विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता बापत ने पहले कहा था कि वह अपने खराब स्वास्थ्य के कारण चुनाव प्रचार में शामिल नहीं हो पाएंगे। हालांकि बाद में चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी चुनाव में आसानी से जीत जाएगी।
विपक्ष ने, हालांकि भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी ने बापत को तभी याद किया जब उसे लगा कि कस्बा पेठ निर्वाचन क्षेत्र में उसकी स्थिति खराब है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की शहर इकाई के अध्यक्ष प्रशांत जगताप ने भाजपा पर ‘‘बापत के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने’’ का आरोप लगाया था।
कस्बा सीट पर शाम पांच बजे तक 45.25 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि पुणे के पास चिंचवड़ निर्वाचन क्षेत्र में 41.1 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
कस्बा और चिंचवड़ सीट पर उपचुनाव भाजपा विधायकों मुक्ता तिलक और लक्ष्मण जगताप के निधन के बाद हो रहा है।
कस्बा विधानसभा सीट पर भाजपा के हेमंत रासने और कांग्रेस के रवींद्र धंगेकर के बीच मुकाबला है। धंगेकर को कांग्रेस, राकांपा और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के महा विकास आघाड़ी गठबंधन का समर्थन प्राप्त है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY