Farmers' Tractor Rally: पर्यटन मंत्री प्रह्लाद पटेल ने लाल किले पर झंडा फहराने के किसानों के कदम की निंदा की
केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री प्रह्लाद पटेल ने ‘‘ट्रैक्टर परेड’’ के दौरान लाल किले में प्रवेश कर वहां झंडा फहराने के किसानों के एक समूह के कदम की निंदा करते हुए मंगलवार को कहा कि इससे भारतीय लोकतंत्र की मर्यादा के प्रतीक का अपमान हुआ है.
नयी दिल्ली, 26 जनवरी: केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री प्रह्लाद पटेल ने ‘‘ट्रैक्टर परेड’’ के दौरान लाल किले में प्रवेश कर वहां झंडा फहराने के किसानों के एक समूह के कदम की निंदा करते हुए मंगलवार को कहा कि इससे भारतीय लोकतंत्र की मर्यादा के प्रतीक का अपमान हुआ है. पुलिस द्वारा आईटीओ से खदेड़े गए प्रदर्शनकारी किसानों का एक समूह अपने ट्रैक्टर लेकर लालकिला परिसर पहुंच गया. प्रदर्शनकारी किसान और निहंग (पारंपरिक सिख योद्धा) लालकिला परिसर में घुस गए और उस ध्वज-स्तंभ पर अपना झंडा लगाते दिखे, जहां से प्रधानमंत्री 15 अगस्त को राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं. उन्होंने (प्रदर्शनकारी किसानों के समूह ने) लालकिले के कुछ गुंबदों पर भी अपने झंडे लगा दिए.
पटेल ने ट्वीट किया, ‘‘लालकिला हमारे लोकतंत्र की मर्यादा का प्रतीक है, आन्दोलनकारियों को लालकिले से दूर रहना चाहिए था. इसकी मर्यादा का उल्लंघन किये जाने की मैं निंदा करता हूँ. यह दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है. ’’ इससे पहले प्रदर्शनकारी किसान आईटीओ पहुंचे और लुटियंस इलाके की तरफ बढ़ने की कोशिश की. इसपर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े. यह भी पढ़ें : बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना ने गणतंत्र दिवस पर पीएम मोदी को दी गणतंत्र दिवस की बधाई: 26 जनवरी 2021 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE
गौरतलब है कि केन्द्र के नये कृषि कानूनों के विरोध में किसान लगभग दो महीने से आंदोलन कर रहे हैं. वे इन तीन कानूनों को वापस लेने और फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य को कानूनी रूप देने की मांग कर रहे हैं. इसी आंदोलन के तहत आज गणतंत्र दिवस के दिन किसान राष्ट्रीय राजधानी में ट्रैक्टर परेड निकाल रहे थे.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 26, 2021 05:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

