ओटावा, 16 अक्टूबर कनाडा की धरती पर हुए हिंसा के मामले में भारत सरकार का संबंध होने के आरोपों की जांच कर रहे देश के राष्ट्रीय पुलिस बल ‘रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस’ (आरसीएमपी) के प्रमुख ने यहां के सिख समुदाय से आगे आने और जांच में सहयोग करने का अनुरोध किया है।
कनाडा की सार्वजनिक प्रसारक कैनेडियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (सीबीसी) की खबर के अनुसार, रेडियो-कनाडा के साथ एक साक्षात्कार में मंगलवार को आरसीएमपी आयुक्त माइक डुहेम ने सिख समुदाय के लोगों से आग्रह किया कि अगर उनके पास कोई जानकारी है तो वे आगे आएं और आरसीएमपी की जांच में सहयोग करें।
इस बीच, सीबीसी ने सांसद एलिस्टेयर मैकग्रेगर के हवाले से कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा एवं राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित संघीय स्थायी समिति ने कनाडा में भारत सरकार के कथित गुप्त अभियानों की जांच के सिलसिले में सर्वसम्मति से एक आपातकालीन बैठक बुलाई है।
समिति के प्रवक्ता ने बुधवार को एक ईमेल में कहा कि बैठक शुक्रवार सुबह होने की उम्मीद है।
स्थायी समिति के सदस्यों ने मंगलवार को लिखे एक पत्र में कहा कि आरसीएमपी के खुलासे "बहुत ही चिंताजनक" हैं।
उन्होंने कनाडाई लोगों और देश की सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा उठाए जा सकने वाले कदमों पर चर्चा करने के लिए समय मांगा।
यह घटनाक्रम न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता जगमीत सिंह के यह कहने के बाद सामने आया कि वह चाहते हैं कि एक संसदीय समिति इस बात पर विचार करे कि भारत से होने वाले खतरों के खिलाफ कनाडाई लोगों की सुरक्षा कैसे की जाए।
इसके पहले डुहेम ने सोमवार को सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया था कि भारत सरकार के ‘‘एजेंट’’ ने कनाडा में हत्याओं सहित ‘‘व्यापक’’ हिंसा की घटनाओं में भूमिका निभाई थी।
डुहेम ने आरोप लगाया कि कनाडा में भारतीय राजनयिकों और वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों का संबंध कनाडा के स्थानीय निवासियों और वहां रहने वाले लोगों के खिलाफ हत्याओं तथा ‘‘जबरन वसूली, धमकी एवं बल पूर्वक अपराध’’ जैसे कृत्यों से रहा है।
उन्होंने पत्रकारों से कहा कि राष्ट्रीय पुलिस बल को महसूस हुआ कि कनाडा में काम कर रहे इस नेटवर्क को खत्म करने के लिए लोगों का खुलकर आगे आना जरूरी है। उन्होंने इसे ‘‘देश की सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा’’ बताया।
उन्होंने रेडियो-कनाडा के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘‘अगर लोग आएंगे तो हम उनकी मदद कर सकते हैं और अगर वे ऐसा कर सकें तो मैं उनसे आगे आने की अपील करता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लोग कनाडा सुरक्षित महसूस करने के लिए आते हैं और कानून प्रवर्तन एजेंसी के तौर पर हमारा काम लोगों को यह एहसास कराना है कि वे एक ऐसे माहौल में हैं जो उनके रहने के लिए सुरक्षित है।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या भारतीय समुदाय के लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए चिंतित होना चाहिए, इस पर डुहेम ने कहा कि उन्हें आशा है कि भारतीय समुदाय के लोगों को ‘‘पुलिस के अधिकार क्षेत्र में विश्वास और भरोसा है।’’
खबर में कहा गया है कि कनाडा की धरती पर हिंसा के मामलों में भारत सरकार की संलिप्तता के आरोपों की जांच कर रहे आरसीएमपी ने सिख समुदाय के लोगों से आगे आने और जांच में सहयोग का अनुरोध किया है।
आरसीएमपी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि देश में दक्षिण एशियाई समुदाय विशेष रूप से ‘‘खालिस्तानी समर्थक तत्वों’’ को निशाना बनाने वाला बिश्नोई गिरोह भारत सरकार के ‘‘एजेंट’’ से जुड़ा हुआ है।
कनाडा के अधिकारियों द्वारा भारतीय एजेंट को कनाडा में आपराधिक गिरोहों से जोड़ने के प्रयासों को भारत ने सिरे से खारिज किया है। नयी दिल्ली में आधिकारिक सूत्रों ने यह भी कहा कि सिख चरमपंथी हरदीप सिंह निज्जर मामले में भारत के साथ सूचना साझा करने का कनाडा का दावा सरासर गलत है।
नयी दिल्ली में सूत्रों ने कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के उन आरोपों को भी खारिज किया कि भारत उनके देश में कनाडाई नागरिकों को निशाना बनाकर गुप्त अभियान चलाने जैसी गतिविधियों में संलिप्त है।
भारत ने निज्जर की हत्या की जांच से राजदूत को जोड़ने के कनाडा के आरोपों को खारिज करते हुए सोमवार को छह कनाडाई राजनयिकों को निष्कासित करने और वहां से अपने उच्चायुक्त को वापस बुलाने की घोषणा की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY