देश की खबरें | जवाहर बाग और कोसी कलां की आज बदल गयी तस्‍वीर : मुख्‍यमंत्री

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्‍तर प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव प्रचार में जुटे मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने बृहस्‍पतिवार को मथुरा में कहा कि कृष्‍ण नगरी का जवाहरबाग कभी गुंडागर्दी का अड्डा हुआ करता था और कोसी कलां में दंगे होते थे, मगर भाजपा की सरकार बनने के बाद से दोनों की तस्‍वीर बदल गयी है।

मथुरा (उप्र), 27 अप्रैल उत्‍तर प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव प्रचार में जुटे मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने बृहस्‍पतिवार को मथुरा में कहा कि कृष्‍ण नगरी का जवाहरबाग कभी गुंडागर्दी का अड्डा हुआ करता था और कोसी कलां में दंगे होते थे, मगर भाजपा की सरकार बनने के बाद से दोनों की तस्‍वीर बदल गयी है।

मुख्‍यमंत्री ने एक चुनावी जनसभा में कहा कि जवाहरबाग कभी गुंडागर्दी का अड्डा हुआ करता था और आज हालात सबके सामने है। उन्होंने कहा कि इसी तरह, पहले कोसी कलां में दंगा होता था लेकिन अब वहां दुनिया का सबसे बड़ा पेप्सिको प्‍लांट लग चुका है। भाजपा सरकार ने दोनों की सूरत बदल दी है।

उन्‍होंने कहा, ''पहले जिस मथुरा-वृंदावन में कभी मांस-मदिरा की बिक्री होती थी, हमने उस पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। यहां की पवित्रता के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति किसी को भी नहीं दी जा सकती।''

आदित्‍यनाथ ने आरोप लगाया कि आजादी के बाद से विभिन्न सरकारों के कार्यकाल में लचर और भ्रष्टाचार युक्त व्यवस्था ने मथुरा के विकास को रोक के रखा था। वर्ष 2017 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद मथुरा वृंदावन नगर निगम का गठन और फिर ब्रज तीर्थ विकास परिषद के गठन ने मथुरा में समग्र विकास की कार्ययोजना को आगे बढ़ाने का कार्य किया है।

उन्‍होंने कहा कि अयोध्‍या में ही नहीं बल्कि ब्रज में भी 84 कोसी परिक्रमा होने जा रही है, ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए संचालित की जा रही 32 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाएं जब जमीन पर दिखाई देने लगेंगी, उस दिन यहां द्वापर युग जैसी भव्यता और दिव्यता दिखेगी।

योगी ने कहा कि वैश्विक निवेशक सम्मेलन के बाद प्रदेश में 35 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, अकेले ब्रज क्षेत्र में ही 50 हजार युवाओं को रोजगार मिलने जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ''नगर निगम बनने के बाद अब मथुरा के नवनिर्माण की दिशा में कार्य हो रहे हैं। जैसे काशी में काशी विश्वनाथ धाम बन गया। ऐसे ही बांके बिहारी के धाम का कार्य आगे बढ़ना चाहिए। हमें बरसाना, गोकुल, गोवर्धन को उसके पुरातन स्वरूप जैसी भव्यता देना है। ये हम सबकी जिम्मेदारी है। ये नगर निकाय चुनाव इसी दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है।''

आदित्‍यनाथ ने कहा, ''आज भारत बदल चुका है, तो हम भी बदलाव की इस प्रक्रिया में मौन नहीं रह सकते। इन्फ्रास्ट्रक्चर की बड़ी-बड़ी परियोजनाएं, हवाई अड्डे, आईआईटी, एम्स जैसे निर्माण आज निश्चित समय में पूरे होते हैं। विरासत का सम्मान होता है। काशी, अयोध्या, केदारनाथ, महाकाल का पुनरुद्धार होता है। ये नया भारत है। इस नये भारत के सामर्थ्य के साथ हमें यूपी के सामर्थ्य को जोड़ना है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now