देश की खबरें | लोहड़ी पर नए कृषि कानूनों की प्रतियां जलाएंगे: किसान नेता
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, तीन जनवरी दिल्ली के सिंघू बॉर्डर पर नए कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे किसान नेताओं ने रविवार को कहा कि वे 13 जनवरी को नए कानूनों की प्रतियां जलाकर लोहड़ी का त्योहार मनाएंगे।

उन्होंने कहा कि वे नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के मौके पर 23 जनवरी को ''आजाद हिंद किसान दिवस'' के रूप में मनाएंगे।

किसान नेता मनजीत सिंह राय ने कहा, '' हम 13 जनवरी को नए कानूनों की प्रतियां जलाकर लोहड़ी का त्योहार मनाएंगे।''

साथ ही राय ने लोगों से अपील की कि वे छह से लेकर 20 जनवरी तक किसानों के समर्थन में देशभर में धरना-प्रदर्शन आयोजित करें।

अन्य किसान नेता ओंकार सिंह ने कहा, '' हमारे प्रदर्शन का आज 37वां दिन है। सरकार को अपना हठ छोड़ना चाहिए। इन परिस्थितयों में बुजुर्गों समेत किसान धरने पर बैठे हैं लेकिन सरकार को इस बारे में कोई चिंता नहीं है।''

किसान नेता हरमीत सिंह कादियान ने कहा, '' तापमान गिरने के साथ ही हमने वाटरप्रूफ टेंट के इंतजाम किए हैं। हम गरम पानी और कंबल की उपलब्ध्ता के लिए भी प्रयासरत हैं। करीब एक हजार महिलाओं के ठहरने के लिए टेंट और बिस्तर के इंतजाम किए गए हैं।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)