देश की खबरें | टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने पश्चिम बंगाल की 42 में से 40 लोकसभा सीट जीतने का लक्ष्य रखा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कार्यकर्ताओं और नेताओं से 2024 के लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की कुल 42 में से 40 सीट पर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने की अपील की।

कोलकाता, सात मई तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कार्यकर्ताओं और नेताओं से 2024 के लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की कुल 42 में से 40 सीट पर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने की अपील की।

वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में पार्टी को 22 सीट पर जीत मिली थी। पार्टी में दूसरे नंबर के नेता माने जाने वाले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि अगर 2019 के लोकसभा चुनाव में टीएमसी ने 34-35 सीट जीती होतीं, तो केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार इस तरह पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमत नहीं बढ़ा पाती।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पिछले महीने, भाजपा के लिए अगले चुनाव में पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीट में से 35 सीट जीतने का लक्ष्य रखा है और कहा है कि अगर लक्ष्य हासिल कर लिया गया तो राज्य में ममता बनर्जी नीत सरकार 2025 से आगे नहीं टिक पाएगी।

अभिषेक ने कहा, “आइए हम आगामी लोकसभा चुनाव में 40 सीट हासिल करने के लक्ष्य की दिशा में काम करें। अगर हम अभी से काम करना शुरू कर दें, अगर आप बड़े पैमाने पर लोगों तक पहुंचें, अगर आप इस बात पर प्रकाश डालें कि कैसे चुनाव जीतने के बावजूद भाजपा ने लोगों की बेहतरी के लिए बहुत कम काम किया है, तो हम इस लक्ष्य को बहुत आसानी से हासिल कर सकते हैं।”

डायमंड हार्बर से टीएमसी के सांसद बनर्जी ने शनिवार रात एक रैली में दावा किया, “उनके (भाजपा के) सांसदों ने लोगों के सामने आने वाली समस्याओं को दूर करने के लिए कुछ नहीं किया है। वे केवल राम मंदिर बनाने और लोगों को धर्म के नाम पर बांटने में रुचि रखते हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) भी केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ एक शब्द नहीं बोलतीं, क्योंकि वे सभी टीएमसी प्रशासन को बदनाम करने के लिए एकजुट हो गए हैं, क्योंकि वे राज्य की सत्ताधारी पार्टी को हराने में नाकाम रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\