देश की खबरें | मनरेगा श्रमिकों को वित्तीय सहायता दे रहे हैं टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी

कोलकाता, 27 नवंबर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी अपने बकाये से वंचित करीब 3,000 मनरेगा कार्ड धारकों को वित्तीय सहायता प्रदान कर रहे हैं। पार्टी सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

बनर्जी ने इस साल नयी दिल्ली में जंतर-मंतर पर टीएमसी के प्रदर्शन में शामिल हुए मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) श्रमिकों को पत्र भेजना शुरू किया है।

वहीं, भाजपा नेता दिलीप घोष ने इस वित्तीय सहायता को 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले ‘रिश्वत’ करार दिया।

तृणमूल कांग्रेस ने एक बयान में कहा, ‘‘अभिषेक बनर्जी ने अक्टूबर की शुरूआत में नयी दिल्ली में टीएमसी के आंदोलन के दौरान वादा किया था कि यदि दो महीनों के अंदर केंद्र ने बकाये का भुगतान नहीं किया तो वह रोजगार कार्ड धारकों को पार्टी से वित्तीय सहायता प्रदान करना सुनिश्चित करेंगे। रविवार शाम से वह पत्र भेज रहे हैं और वित्तीय सहायता प्रदान कर रहे हैं।’’

प्रभावित श्रमिकों को भेजे जा रहे पत्रों में बनर्जी ने कहा है कि आने वाले दिनों में पिछले प्रदर्शन की तुलना में कहीं अधिक बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘करीब 3,000 लोगों को वित्तीय सहायता दी जाएगी। लेकिन हम राशि का खुलासा नहीं कर रहे हैं।’’

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिसंबर के मध्य में राष्ट्रीय राजधानी का दौरा करने की अपनी योजना की पिछले हफ्ते घोषणा की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)