देश की खबरें | टिपरा मोथा पार्टी के प्रमुख ने की मणिपुर में शांति स्थापित करने की अपील
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) के प्रमुख प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने बुधवार को हिंसा प्रभावित मणिपुर के लोगों से पूर्वोत्तर राज्य में शांति स्थापित करने का आह्वान किया।
अगरतला, 20 नवंबर टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) के प्रमुख प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने बुधवार को हिंसा प्रभावित मणिपुर के लोगों से पूर्वोत्तर राज्य में शांति स्थापित करने का आह्वान किया।
देबबर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘मैं हत्या, बलात्कार और किसी भी तरह की हिंसा की कड़ी निंदा करता हूं। कुछ दिन पहले कुछ लोगों ने मुझसे पूछा कि मैंने सात नवंबर की घटना की निंदा क्यों की। उन्होंने मुझे चुप रहने के लिए कहा क्योंकि मैं एक राजनीतिक गठबंधन में हूं। मैं हिंसा के बारे में चुप नहीं रहूंगा। मैंने पिछले साल भी मणिपुर में कुकी समुदाय की दो महिलाओं के साथ बलात्कार की घटना की निंदा की थी।’’
गठबंधन के संबंध में अपनी स्थिति पर अडिग रहने का दावा करते हुए देबबर्मा ने कहा कि हत्या या बलात्कार एवं हिंसा को किसी भी तरह से उचित नहीं ठहराया जा सकता और अपराधी हमेशा अपराधी ही होते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मणिपुर में हम जो देख रहे हैं वह दोषारोपण का खेल है। पहले आपने किया और अब हम करेंगे... अगर आप सोचते हैं कि दिल्ली के लोग आएंगे और हमारी समस्याओं का समाधान करेंगे, तो आप मूर्खों के स्वर्ग में रह रहे हैं। हमें अपनी समस्या का समाधान अपने भीतर ही खोजना होगा।’’
देबबर्मा ने कहा, ‘‘राजनीति को एक तरफ रखें और राजनेता होने का परिचय दें।’’
उन्होंने कहा कि यदि पूर्वोत्तर के लोग देश के विकास इंजन में हिस्सेदार बनना चाहते हैं तो शांति आवश्यक है।
देबबर्मा ने कहा, ‘‘जब मैं मणिपुर में हत्या, क्रूरता और हिंसा देखता हूं तो मेरा दिल टूट जाता है। क्षेत्र की समृद्धि के लिए पूर्वोत्तर राज्य में शांति होनी चाहिए।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 20, 2024 04:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

