एजेंसी न्यूज

सटोरियों द्वारा संपर्क किये जाने की सूचना नहीं देने पर उमर अकमल पर तीन साल का प्रतिबंध

उन पर बोर्ड की भ्रष्टाचार निरोधक संहिता की धारा 2 . 4 . 4 के तहत फरवरी में हुए दो मामलों के तहत आरोप लगाये गए हैं । ये दोनों मामले पाकिस्तान की टी20 लीग पीएसएल से जुड़े हैं ।

सटोरियों द्वारा संपर्क किये जाने की सूचना नहीं देने पर उमर अकमल पर तीन साल का प्रतिबंध

कराची, 27 अप्रैल पाकिस्तान सुपर लीग से पहले सटोरियों द्वारा संपर्क किये जाने की जानकारी नहीं देने वाले तुनकमिजाज बल्लेबाज उमर अकमल पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को क्रिकेट के सभी प्रारूपों में तीन साल का प्रतिबंध लगा दिया ।

उन पर बोर्ड की भ्रष्टाचार निरोधक संहिता की धारा 2 . 4 . 4 के तहत फरवरी में हुए दो मामलों के तहत आरोप लगाये गए हैं । ये दोनों मामले पाकिस्तान की टी20 लीग पीएसएल से जुड़े हैं ।

पीसीबी के मीडिया विभाग ने आधिकारिक ट्विटर हैंडिल पर लिखा ,‘‘ उमर अकमल पर जस्टिस (सेवानिवृत्त) फजल ए मिरान चौहान की अध्यक्षता वाली अनुशासन समिति ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों में तीन साल का प्रतिबंध लगा दिया है ।’’

उमर लाहौर में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में अनुशासन समिति के सामने पेश हुए थे । उन्होंने पिछले महीने ही इन आरोपों के खिलाफ अपील नहीं करने का फैसला किया था । उसके बाद मामला अनुशासन समिति को सौंप दिया गया था जिसके बाद कयास लगाये जा रहे थे कि उन पर छह महीने या एक साल का प्रतिबंध और जुर्माना लगाया जायेगा ।

उमर को पाकिस्तान सुपर लीग के 2020 सत्र के पहले मैच से ठीक पूर्व निलंबित कर दिया गया था । वह पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल के छोटे भाई है ।

पीसीबी ने कहा है कि जस्टिस चौहान से और जानकारी मिलने के बाद वह इस बारे में विस्तार से बतायेगा । उमर ने अकादमी में हुई सुनवाई में अपना पक्ष खुद रखा जबकि पीसीबी की ओर से तफज्जुल रिजवी वकील थे ।

पीसीबी निदेशक (भ्रष्टाचार निरोधक और सुरक्षा) आसिफ महमूद ने कहा ,‘‘ पीसीबी को इसमें कोई खुशी नहीं मिल रही कि एक चमकता हुआ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तीन साल के लिये खेल नहीं सकेगा । लेकिन एक बार फिर यह उन लोगों के लिये सबक है जो यह सोचते हैं कि भ्रष्टाचार निरोधक संहिता तोड़ने पर वे बच जायेंगे ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ मैं सभी पेशेवर क्रिकेटरों से भ्रष्टाचार से दूर रहने की अपील करता हूं और उन्हें चाहिये कि सटोरियों द्वारा संपर्क किये जाने की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें ।’’

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान रमीज राजा ने इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मैच फिक्सिंग को अपराध का दर्जा देने का समय आ गया है ।

उन्होंने ट्वीट किया ,‘‘तो उमर अकमल भी आधिकारिक तौर पर मूर्खों की जमात में शामिल । तीन साल का प्रतिबंध । अपनी प्रतिभा को कैसे बर्बाद किया । पाकिस्तान को अब मैच फिक्सिंग को अपराध घोषित कर देना चाहिये और ऐसे लोगों को जेल में डालना चाहिये ।’’

उमर ने पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी बार श्रीलंका के खिलाफ अक्टूबर में खेला था । वह 16 टेस्ट, 121 वनडे, 84 टी20 मैच खेलकर क्रमश: 1003, 3194, 1690 रन बना चुके हैं ।

अपने कैरियर की प्रभावी शुरूआत करने वाले अकमल की अक्सर प्रशासकों से ठनती रही है । उन्होंने फरवरी में लाहौर स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में एक ट्रेनर को फिटनेस टेस्ट के दौरान कथित तौर पर अपशब्द भी कहे थे ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 27, 2020 07:09 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).