देश की खबरें | बाघ की खालों, हडिडयों के साथ तीन वन्यजीव तस्कर गिरफतार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड विशेष कार्यबल, वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो दिल्ली व तराई केन्द्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उधमसिंह नगर जिले के बाजपुर से पिता-पुत्र सहित तीन संदिग्ध वन्यजीव तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से बाघ की दो खालें, 35 किलो हड्डियां व तस्करी में प्रयुक्त वाहन बरामद किए हैं।
ऋषिकेश, सात सितंबर उत्तराखंड विशेष कार्यबल, वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो दिल्ली व तराई केन्द्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उधमसिंह नगर जिले के बाजपुर से पिता-पुत्र सहित तीन संदिग्ध वन्यजीव तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से बाघ की दो खालें, 35 किलो हड्डियां व तस्करी में प्रयुक्त वाहन बरामद किए हैं।
कुमाऊं मंडल के मुख्य वन संरक्षक प्रसन्ना कुमार पात्रो ने बताया कि यह कार्रवाई बुधवार देर रात हुई।
उन्होंने बताया कि राज्य में वन्यजीव अंगों के अवैध व्यापार में लिप्त संदिग्ध तस्करों की धरपकड़ हेतु एसटीएफ काफी समय से मेहनत से जुटी हुई है और इसी क्रम में बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन शातिर वन्य जीव तस्कर एक ट्रक व एक बाइक से काशीपुर से रूद्रपुर की ओर आ रहे हैं और इनके पास वन्यजीव अंग भी हो सकते हैं।
पात्रो ने बताया कि उक्त सूचना पर कार्यवाही करते हुए संयुक्त टीम ने ट्रक व बाइक की घेराबंदी कर उन्हें बाजपुर के पास दोराहा राजमार्ग पर रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहनों से बाघ के दो खाल और 35 किलो हड्डियाँ बरामद की गयीं।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान उधमसिंह नगर के जसपुर के रहने वाले शमशेर सिंह, और उसके पिता कुलविंदर सिंह तथा एक अन्य जोगा सिंह के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बाघ की खालें और हडिडयां वे काशीपुर से लाये थे और उन्हें बेचने के लिए रुद्रपुर जा रहे थे।
पात्रो ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपी कुख्यात वन्यजीव तस्कर हैं जो काफी समय से उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय हैं।
उन्होंने बताया कि संयुक्त टीम ने इस साल 22 जुलाई को खटीमा टोल बैरियर से गुजर रहे चार संदिग्ध तस्करों को बाघ की एक खाल और 15 किलो हड्डियों सहित पकड़ा था। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों घटनाओं में गिरफ्तार आरोपियों का कहीं आपस में कोई संबंध तो नहीं है।
गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)