देश की खबरें | छत्तीसगढ़ में हाथियों के हमले में तीन ग्रामीणों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में हाथियों के हमले में तीन ग्रामीणों की मौत हो गई।
जशपुर, 11 जनवरी छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में हाथियों के हमले में तीन ग्रामीणों की मौत हो गई।
जशपुर जिले में वन विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि जिले के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र के डूमरबहार और झिमकी गांवों में हाथियों ने तीन ग्रामीणों को कुचलकर मार डाला।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सराईटोला गांव निवासी दिलसाय राम चौहान (55) रविवार को मजदूरी करने के लिए डूमरबहार गांव गया था। काम करने के बाद जब वह अपने गांव लौट रहा था, तब हाथी ने उसे अपनी सूंड से पकड़ लिया और बाद में कुचलकर उसे मार डाला।
अधिकारियों ने बताया कि इस बीच, रविवार रात हाथियों ने झिमकी गांव में जगत राम (62) और करू राम (65) को कुचलकर मार डाला।
उन्होंने बताया कि वन विभाग के अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि वन विभाग ने मृतकों के परिजन को तत्कालिक आर्थिक सहायता के रूप में 25-25 हजार रुपए प्रदान किए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)