देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ का प्रयास कर रहे तीन आतंकवादी ढेर, पाकिस्तानी सेना ने की गोलीबारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तानी सेना ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में घुसपैठ की मंशा से नियंत्रण रेखा पार करने की कोशिश कर रहे आतंकवादियों की सहायता के लिए गोलीबारी (कवर फायर) की और भारतीय सेना के ड्रोन को निशाना बनाया, लेकिन सुरक्षा बलों ने तीन आतंकवादियों को ढेर करके घुसपैठ के इस प्रयास को नाकाम कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
श्रीनगर, 16 सितंबर पाकिस्तानी सेना ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में घुसपैठ की मंशा से नियंत्रण रेखा पार करने की कोशिश कर रहे आतंकवादियों की सहायता के लिए गोलीबारी (कवर फायर) की और भारतीय सेना के ड्रोन को निशाना बनाया, लेकिन सुरक्षा बलों ने तीन आतंकवादियों को ढेर करके घुसपैठ के इस प्रयास को नाकाम कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उत्तर कश्मीर के उरी में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ब्रिगेडियर पी.एम.एस. ढिल्लों ने बताया कि पाकिस्तान स्थित संगठनों द्वारा घुसपैठ के प्रयासों के बारे में खुफिया जानकारी के बाद नियंत्रण रेखा के पास उरी सेक्टर के हथलंगा में शनिवार तड़के अभियान शुरू किया गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें खुफिया जानकारी मिल रही थी कि पाकिस्तानी संगठन जम्मू-कश्मीर में शांति को अस्थिर करने के लिए उरी में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए, हमने घुसपैठ रोधी और निगरानी ग्रिड को मजबूत किया है।’’
उन्होंने कहा कि आज सुबह 6.40 बजे खराब मौसम के बावजूद हथलंगा इलाके में तीन से चार आतंकवादियों को नियंत्रण रेखा पार करने की कोशिश करते हुए देखा गया। इसके बाद तुरंत सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और दो घंटे तक गोलीबारी जारी रही।
अधिकारी ने कहा कि सेना ने आतंकवादियों को मार गिराने के लिए अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (यूबीजीएल), मल्टी ग्रेनेड लॉन्चर (एमजीएल) और रॉकेट लॉन्चर का इस्तेमाल किया।
उन्होंने कहा, ‘‘एक आतंकवादी को ढेर कर दिया गया। इसके बाद आघात करने वाले दल को एहसास हुआ कि दो घायल आतंकवादियों ने अपना स्थान बदला है। सुबह लगभग 9.15 बजे उनके साथ दल की दूसरी बार मुठभेड़ हुई, जो लगभग आधे घंटे तक जारी रही। इस दौरान आतंकवादी को मार गिराया गया।’’
ब्रिगेडियर ढिल्लों ने कहा कि तीसरा घायल आतंकवादी पास की पाकिस्तानी चौकी से की जा रही गोलीबारी की मदद से ‘घुसपैठ’ कर गया।
उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तानी सेना की चौकी ने उसकी घुसपैठ में मदद की और हमारी ओर गोलीबारी की। उन्होंने हमारे ड्रोन पर भी गोलीबारी की। हमारे अनुमान के अनुसार, घायल आतंकवादी ने पाकिस्तानी चौकी से लगभग 300 मीटर दूर सामान्य क्षेत्र में दम तोड़ दिया। मौसम बहुत खराब है, लेकिन इलाके में तलाश जारी है।’’
अधिकारी ने कहा कि अभियान में पाकिस्तान के तीन आतंकवादियों को मार गिराया गया है और दो के शव बरामद कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि पाकिस्तान कैसे आतंकवादियों की मदद करता है।
सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के पास से एके-47 और एके-74 राइफल, सात मैगजीन, एक पांच किलो की आईईडी (एक तरह का विस्फोटक पदार्थ), कुछ गोला-बारूद, एक चीनी पिस्तौल और कुछ ग्रेनेड के साथ भारतीय और पाकिस्तानी मुद्रा भी बरामद की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 16, 2023 08:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

