खेल की खबरें | एथलेटिक्स में राष्ट्रीय खेलों के तीन रिकॉर्ड टूटे, सेना शीर्ष पर बरकरार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. खेलों के तीन रिकॉर्ड के साथ बुधवार को यहां राष्ट्रीय खेलों में ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं का अंत हुआ जबकि सेना की मजबूत टीम का छह सत्र में पांचवीं बार पदक तालिका के शीर्ष पर रहना लगभग तय हो गया है।
देहरादून, 12 फरवरी खेलों के तीन रिकॉर्ड के साथ बुधवार को यहां राष्ट्रीय खेलों में ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं का अंत हुआ जबकि सेना की मजबूत टीम का छह सत्र में पांचवीं बार पदक तालिका के शीर्ष पर रहना लगभग तय हो गया है।
उत्तर प्रदेश के भाला फेंक खिलाड़ी सचिन यादव, हरियाणा की 18 साल की ऊंची कूद खिलाड़ी पूजा सिंह और हिमाचल प्रदेश के लंबी दूरी के धावक सावन बेरवाल ने राष्ट्रीय खेलों के नए रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीते।
नीरज चोपड़ा और किशोर जेना जैसे स्टार खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में 25 साल के यादव ने अपने पांचवें और अंतिम प्रयास में भाले को 84.39 मीटर की दूरी तक फेंककर स्वर्ण पदक जीता।
यादव ने 2015 में बनाए राजिंदर सिंह के 82.23 मीटर के राष्ट्रीय खेलों के पिछले रिकॉर्ड में सुधार किया।
यादव का 84.39 मीटर का प्रयास अब चोपड़ा (89.94 मीटर), जेना (87.54 मीटर), शिवपाल सिंह (86.23 मीटर) और देविंदर सिंह कांग (84.57 मीटर) के बाद किसी भारतीय के करियर का पांचवां सर्वश्रेष्ठ थ्रो है।
हरियाणा के फतेहाबाद जिले के एक राजमिस्त्री की बेटी पूजा ने 1.84 मीटर के प्रयास से 2023 सत्र में जीते महिलाओं की ऊंची कूद के स्वर्ण पदक को बरकरार रखा। उन्होंने 2022 में पश्चिम बंगाल की स्वप्ना बर्मन के 1.83 मीटर के राष्ट्रीय खेलों के पिछले रिकॉर्ड में सुधार किया।
पूजा का निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1.85 मीटर है जो राष्ट्रीय अंडर-20 रिकॉर्ड भी है।
बेरवाल ने 13 मिनट 45.93 सेकेंड के साथ पुरुष 5000 मीटर दौड़ का स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने सेना के जी लक्ष्मणन के 2015 में बनाए 13 मिनट 50.05 सेकेंड के राष्ट्रीय खेलों के पिछले रिकॉर्ड को बेहतर किया। यह बेरवाल का मौजूदा खेलों में दूसरा स्वर्ण और दूसरा राष्ट्रीय खेलों का रिकॉर्ड है।
उन्होंने शनिवार को पुरुष 10 हजार मीटर स्पर्धा भी 28 मिनट 49.93 सेकेंड के राष्ट्रीय खेलों के रिकॉर्ड समय के साथ जीती थी।
सेना ने बुधवार को 11 स्वर्ण सहित 15 पदक जीते जिससे 65 स्वर्ण, 24 रजत और 23 कांस्य पदक के साथ उसके कुल पदक की संख्या 112 हो गई है। अब प्रतियोगिताओं का सिर्फ एक दिन बचा है इसलिए टीम का शीर्ष पर रहना लगभग तय है।
पिछले सत्र की शीर्ष टीम महाराष्ट्र ने कुल 171 पदक (48 स्वर्ण, 60 रजत, 63 कांस्य) हासिल किए हैं लेकिन सेना से 17 स्वर्ण कम होने के कारण दूसरे स्थान पर है।
हरियाणा (39 स्वर्ण, 45 रजत, 56 कांस्य) ने कर्नाटक को पछाड़कर तीसरा स्थान हासिल किया। कर्नाटक 33 स्वर्ण, 18 रजत और 27 कांस्य के साथ चौथे स्थान पर खिसक गया जबकि मध्य प्रदेश (27 स्वर्ण, 19 रजत, 21 कांस्य) भी शीर्ष पांच में शामिल है।
महिला 400 मीटर बाधा दौड़ में तमिलनाडु की विथ्या रामराज ने 58.11 सेकेंड के समय के साथ राष्ट्रीय खेलों का लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 2022 और 2023 में भी स्वर्ण पदक जीते थे। इस स्पर्धा का 55.42 सेकेंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड संयुक्त रूप से उनके और पीटी उषा के नाम है।
पेरिस ओलंपिक में भारत की चार गुणा 400 मीटर रिले टीम का हिस्सा रहीं रामराज राष्ट्रीय खेलों में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीतकर महिला 100 मीटर बाधा दौड़ की खिलाड़ी ज्योति याराजी और पुरुष 110 बाधा दौड़ के खिलाड़ी तेज शिरसे की सूची में शामिल हो गईं।
पुरुष 400 मीटर बाधा दौड़ का स्वर्ण गुजरात के रुचित मोरी ने 50.97 सेकेंड के समय से जीता जबकि महिला गोला फेंक में पंजाब की जैस्मिन कौर ने 15.97 मीटर के प्रयास से शीर्ष स्थान हासिल किया।
महिला 5000 मीटर की चैंपियन उत्तराखंड की अंकिता ध्यानी (15 मिनट 56.03 सेकेंड) बनीं जबकि चार गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले में केरल ने तीन मिनट 25.35 सेकेंड के साथ बाजी मारी।
शिवपुरी में गंगा नदी के किनारे हो रही बीच कबड्डी प्रतियोगिता में राजस्थान और हरियाणा ने क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीते।
जूडो में पुरुषों के 100 किग्रा से अधिक वर्ग में सेना ने यश विजयरन ने स्वर्ण पदक जीता जबकि महिलाओं के 78 किग्रा से कम वर्ग का शीर्ष पुरस्कार छत्तीसगढ़ की ईशरूप नारंग के नाम रहा। दिल्ली की तूलिका मान ने महिलाओं के 78 किग्रा से अधिक वर्ग का स्वर्ण पदक जीता।
हरिद्वार में गत चैंपियन मध्य प्रदेश महिला हॉकी स्पर्धा के फाइनल में गत उप विजेता हरियाणा से भिड़ेगा जबकि पुरुष वर्ग का फाइनल गत उप विजेता कर्नाटक और उत्तर प्रदेश के बीच खेला जाएगा।
महिला वर्ग के पहले सेमीफाइनल में मध्य प्रदेश ने महाराष्ट्र को शूट आउट में 4-1 से हराया। नियमित समय के बाद मुकाबला 1-1 से बराबर था।
दूसरे सेमीफाइनल में हरियाणा ने झारखंड को 2-1 से शिकस्त दी।
पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल में कर्नाटक ने रोमांचक शूट आउट में महाराष्ट्र को 5-4 से हराया। नियमित समय के बाद मुकाबला 2-2 से बराबर था।
दूसरे सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश ने पंजाब को 5-3 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।
फाइनल बृहस्पतिवार को खेले जाएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 12, 2025 10:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

