जबलपुर (मप्र), 12 अक्टूबर जबलपुर में यौन उत्पीड़न के मामले में शिकायतकर्ता महिला आरक्षक के नाम का इस्तेमाल कर मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय को दो कथित फर्जी पत्र भेजने के आरोप में पुलिस ने दो वकीलों एवं एक मुंशी सहित तीन लोगों को बुधवार को गिरफ्तार किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) गोपाल खंडेल ने बताया कि गिरफ्तार थाना प्रभारी संदीप अयाची की जमानत के मामले में महिला पुलिस आरक्षक के नाम से मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय को दो पत्र भेजने के आरोप में दो वकीलों ओमकार पटेल (40) एवं शिवनारायण उर्फ पप्पू विश्वकर्मा (55) और एक मुंशी राजा चौधरी (41) को आज गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी वकील अनुराग साहू की कुछ दिन पहले मौत हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि इस महिला आरक्षक ने थाना प्रभारी अयाची पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। साहू इस मामले में अयाची की ओर से वकालत कर रहा था।
खंडेल ने बताया कि अयाची की जमानत के मामले में इन चारों ने षड़यंत्र कर उच्च न्यायालय में महिला आरक्षक के नाम का इस्तेमाल कर इस साल 26 सितंबर एवं 28 सितंबर को पत्र भेजे थे।
उन्होंने कहा कि वकील साहू द्वारा अयाची के परिवार से अनैतिक रूप से छल पूर्वक अतिरिक्त आर्थिक लाभ प्राप्त करने के आशय से मामले की शिकायतकर्ता महिला आरक्षक के नाम से इन पत्रों में अयाची द्वारा जमानत में 25 लाख रूपये की घूस देने की शिकायत विषयक आवेदन पत्र उच्च न्यायालय में भेजे गये।
खंडेल ने बताया कि इस मामले में इन चारों के खिलाफ भादंसं कि धारा 182, 419, 420, 465, 468, 469, 471, 500 एवं 120 बी के तहत मामला दर्ज किया गया है और विस्तृत जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY